हड़ताल में शामिल 11 पारा मेडिकल कर्मचारी होंगे बर्खास्त
भागलपुर। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर हड़ताल पर गए पारा मेडिकल कर्मचारियों में से 11 कर्मी बर्खास्त होंगे।
भागलपुर। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर हड़ताल पर गए पारा मेडिकल कर्मचारियों में से 11 कर्मी बर्खास्त होंगे। यह आदेश स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने दिया है। अस्पताल अधीक्षक ने गुरुवार को कर्मचारियों को नोटिस भेज दी है।
क्या लिखा है नोटिस में
नोटिस में लिखा गया है कि हड़ताल पर गए कर्मी गुरुवार शाम तक काम पर लौट आएं वर्ना बर्खास्त कर दिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव द्वारा जारी पत्र में अस्पताल अधीक्षक को निर्देश दिया गया है कि जो कर्मचारी कार्य नहीं कर रहे हैं उनका अनुबंध समाप्त कर दें।
इन कर्मचारियों को भेजी गई नोटिस
ओटी सहायक गंगाधर दास, देवानंद मंडल, अशोक कुमार सिंह, अमित कुमार, संजीव कुमार, चंदन कुमार, मनीष कुमार, दिवाकर कुमार, इसीजी टेक्नीशियन सुमन कुमार, विजय कुमार और ड्रेसर रवि कुमार को नोटिस भेजी गई है। हालांकि इनलोगों ने उसे रिसीव नहीं किया।
कुछ देर जांच हुआ प्रभावित
हड़ताली कर्मचारियों ने जेएलएनएमसीएच के आउटडोर के पैथोलॉजी विभाग को करीब आधे घंटे के लिए बंद कराया। बाद में वहां मरीजों की जांच की जाने लगी। सदर अस्पताल परिसर में स्थित क्षेत्रीय डाइग्नोस्टिक सेंटर को भी कुछ देर के लिए बंद कराया गया।
14 मरीजों का हुआ ऑपरेशन
ओटी सहायकों के हड़ताल में शामिल होने के बाद भी सर्जरी विभाग के डॉ. एके राय की यूनिट में पांच, हड्डी रोग विभाग के डॉ. डीके सिंह की यूनिट में चार और ऑब्स एंड गायनी विभाग के डॉ. अनुपमा सिन्हा की यूनिट में पांच मरीजों के ऑपरेशन हुए। हालांकि हड़ताल में शामिल कर्मियों ने कहा कि औजारों को स्टरलाइज करने का प्रशिक्षण उनलोगों को दिया गया है। दूसरे कायदे से यह काम नहीं कर सकते हैं। आधे-अधूरे स्लरलाइज किए गए औजारों से ऑपरेशन करने से संक्रमण का खतरा रहता है।