सर्जरी, गायनी व इएनटी विभाग में नहीं हुआ एक भी ऑपरेशन
नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर जिले भर के पारा मेडिकल कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर चले गए।
भागलपुर। नियमित नियुक्ति की मांग को लेकर जिले भर के पारा मेडिकल कर्मचारी बुधवार से हड़ताल पर चले गए। इसकी वजह से जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के सर्जरी, ऑब्स गायनी व इएनटी विभाग में एक दर्जन से ज्यादा मरीजों का ऑपरेशन नहीं हो पाया। कई मरीजों की नियमित जांच भी प्रभावित हुई। रक्त अधिकोष के कर्मचारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया। कुछ ने धरना भी दिया। हड़ताल में शामिल आठ कर्मियों को बर्खास्त किए जाने को लेकर अस्पताल अधीक्षक ने स्वास्थ्य विभाग को सूची भेजी है।
ओटी सहायक भी हैं हड़ताल में शामिल
ओटी सहायक भी हड़ताल में शामिल हैं। सर्जरी विभाग के डॉ. मृत्युंजय कुमार की यूनिट में बुधवार को 12 मरीजों का गॉल ब्लाडर, हार्निया, अपेंडिक्स आदि का ऑपरेशन नहीं हो पाया। ताड़र के गुड्डू का किडनी में स्टोन का ऑपरेशन होना था। हड़ताल के कारण नहीं हो पाया।
इसके अलावे सुजीत का अपेंडिक्स, मुंगेर के रविन्द्र का हाइड्रोसिल, घोघा के गुलशन मंडल के गॉल ब्लाडर में स्टोन और मिर्जाचौकी निवासी माला सिन्हा के स्टोन का भी ऑपरेशन नहीं हो पाया।
इधर, ऑब्स एंड गायनी विभाग में भी चार महिलाओं की बच्चेदानी का ऑपरेशन नहीं हो पाया।
हालांकि हड्डी रोग विभाग में डॉ. मसीह आजम की यूनिट में डॉ. उदय शंकर भगत ने दो ऑपरेशन किए। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों की हड़ताल को देखते हुए पहले ही औजारों को संक्रमणमुक्त करवा लिया गया था। ऑपरेशन में नर्सो ने मदद की।
सूची भेजने का निर्देश
अस्पताल अधीक्षक को स्वास्थ्य विभाग के निदेशक डॉ. आजाद ¨हद प्रसाद ने 12 बजे मोबाइल पर निर्देश दिया कि जो कर्मचारी हड़ताल पर हैं उसकी सूची भेजें। जिसके बाद अस्पताल अधीक्षक डॉ. राम चरित्र मंडल ने आठ कर्मचारियों की सूची उन्हें भेज दी। जिसमें चार ओटी सहायक, ड्रेसर आदि हैं। उन्होंने विभागाध्यक्षों को भी पत्र भेजकर हड़ताल में शामिल कर्मियों की सूची मांगी है।
किया धरना-प्रदर्शन
अस्पताल अधीक्षक कार्यालय परिसर में हड़ताली कर्मचारियों ने बिहार चिकित्सा एवं जन स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला शाखा के अध्यक्ष राज किशोर साह की अध्यक्षता में धरना दिया। उन्होंने दावा किया कि हड़ताल की वजह से कई विभागों में कार्य ठप रहे।
सदर अस्पताल में भी जांच प्रभावित
क्षेत्रीय डायग्नोस्टिक सेंटर में कुछ देर के लिए मरीजों की रासायनिक जांच प्रभावित रही। वहीं जिला मलेरिया कार्यालय में टेक्नीशियन रीता मंडल के हड़ताल में शामिल हो जाने से जांच प्रभावित हुई।
---------------------
कोट :-
हड़ताल से मरीजों को परेशानी नहीं हुई। जांच, एक्सरे, ड्रेसिंग आदि कार्य किए गए।
- डॉ. विजय कुमार, सिविल सर्जन