नर्स की लापरवाही से बच्चे की मौत
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में नर्सो की लापरवाही से 10 वर्षीय मंटू की
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में नर्सो की लापरवाही से 10 वर्षीय मंटू की मृत्यु हो गई। अररिया जिले के रानीगंज निवासी सुरेश यादव का पुत्र मंटू को एक माह पहले कुत्ता ने काटा था। लेकिन उसे एंटी रैबिज की सूई नहीं लगाई थी। मंगलवार को उसे आपातकालीन विभाग में भर्ती किया गया। डॉ. अशोक भगत ने देखा और कहा कि इसे अब बचा पाना मुश्किल है, जहर फैल चुका है। उसे मानसिक रोग विभाग में भर्ती किया गया।
मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे मानसिक रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अशोक भगत ने बच्चे को देखा। रात करीब 10.30 बजे बच्चे की तबीयत और बिगड़ गई। इमरजेंसी के चिकित्सक भी देखने आए। लेकिन नर्स के नहीं रहने पर बीएचटी नहीं मिला। परिजनों का आरोप है कि सारी रात मंटू दर्द से तड़पता रहा। न नर्स आई और न ही चिकित्सक। बुधवार की सुबह परिजनों ने हंगामा किया तो कंट्रोल रूम के स्वास्थ्य प्रबंधक पहुंचे, साढ़े सात बजे डॉ. सत्यार्थी को बुलाकर बच्चे को दिखाया गया। सुबह पौने नौ बजे बच्चे की मौत हो गई।
कोट :
मुझे जानकारी नहीं है कि नर्स के नहीं रहने पर बीएचटी नहीं मिली। इसकी जांच की जाएगी।
डॉ. अशोक भगत, विभागाध्यक्ष, मानसिक रोग विभाग