नाबालिगों ने किया महिला से सामूहिक दुष्कर्म
सुल्तानगंज में दो नाबालिग लड़कों समेत चार मनचलों ने 36 वर्षीया महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला सब्जी बेचकर शुक्रवार की देर रात घर लौट रही थी। उसी दौरान पिकअप वैन में सवार होकर आए मनचले उसे उठा ले गए।
भागलपुर। सुल्तानगंज में दो नाबालिग लड़कों समेत चार मनचलों ने 36 वर्षीया महिला से सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला सब्जी बेचकर शुक्रवार की देर रात घर लौट रही थी। उसी दौरान पिकअप वैन में सवार होकर आए मनचले उसे उठा ले गए।
सामूहिक दुष्कर्म के दौरान महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने दो नाबालिगों को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। दोनों की उम्र 16-17 वर्ष के बीच है। आरोपी पड़ोस के मुंगेर जिला के नया रामपुर इलाके के रहने वाले हैं।
पूछताछ में मौके से भागने वाले दो अन्य साथियों के नाम और पते पुलिस अधिकारियों को बता दिए हैं। पुलिस उन दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पीडि़ता के बयान के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस को पीडि़ता ने बताया कि बदमाशों ने 11 सौ रुपये भी छीन लिए। सामूहिक दुष्कर्म के बाद वे गला दबाकर जान से मारने की धमकी दे रहे थे।
पकड़े गए दोनों आरोपियों को पुलिस भागलपुर ले आई है। पुलिस का कहना है शनिवार को धारा-164 के तहत पीडि़ता का न्यायालय में बयान कराया जाएगा। सुल्तानगंज के थानाध्यक्ष आइपीएस (प्रशिक्षु) राकेश कुमार ने कहा कि मौके से भागे दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी 24 घंटे के अंदर कर ली जाएगी। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त पिकअप वैन जब्त कर ली है। घटना की कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पूरी तस्वीर शनिवार तक सामने आ जाएगी।