'इतना खिलाओ कि बाढ़ पीड़ित हो जाय गदगद'
भागलपुर । सबै का खाना, कपड़ा, थाली मिली गैलोह, सब का मिलतौह। एक परिवार में पांच आदमी छ
भागलपुर । सबै का खाना, कपड़ा, थाली मिली गैलोह, सब का मिलतौह। एक परिवार में पांच आदमी छैय तब सबके मिलतैय।
उक्त बातें शनिवार की शाम सबौर हाई स्कूल राहत शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे जल संसाधन मंत्री सह प्रभारी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बाढ़ पीड़ितों से कही। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों से पूछा कि समय पर नाश्ता-खाना मिलैय छौ नी। जवाब में पीड़ितों ने कहा हां बाबू आबअ मिलैय छैय। मौके पर ही उन्होंने बीडीओ रघुनंदन आनंद से पूछा शिविर में कितने परिवार रह रहे हैं। बताया किया करीब 1800। उन्होंने तत्काल किचन की संख्या तीन से बढ़ा कर पांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राहत शिविर में आने वाले बाढ़ पीड़ितों को इतना खिलाओ की यहां से लोग संतुष्ट हो कर जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार ने अपना खजाना खोल दिया है। बाढ़ पीड़ितों के लिए सरकार का जो गाइड लाइन है उसके अनुसार सारी सुविधा मिलनी चाहिए। बता दें कि इसके पूर्व भी शुक्रवार को प्रभारी मंत्री ने शिविर का निरीक्षण किया था और शिविर प्रभारी को आवश्यक निर्देश दिए थे। शनिवार को सुबह से ही राहत शिविर का बदला-बदला नजारा दिखा। समय पर शिविर में बाढ़ पीड़ितों को नाश्ता-खाना दिया गया। दिनभर प्रत्येक परिवार के बीच कपड़ा-थाली, ग्लास सहित अन्य सामग्रियां का वितरण किया गया। शनिवार की शाम पुन शिविर में पहुंच कर मंत्री ने अपने बाढ़ पीड़ितों से मिल रही सुविधा के बारे में जानकारी ली। कुछ पीड़ितों ने कपड़ा-थाली अब तक नहीं मिलने की शिकायत भी। मौके पर मंत्री ने बीडीओ को बुलाकर शाम तक मिल जाने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उन्होंने ब्लॉक स्थित शिविर का भी जायजा लिया एवं पीड़ितों को हर संभव सहायता देने की बात कही। मौके पर विधान पार्षद मनोज यादव, आइजी सुशील मान सिंह खोपड़े, शिविर प्रभारी राजीव रंजन सिंह, बीडीओ रघुनंदन आनंद, जदयू के जिलाध्यक्ष विभूति गोस्वामी, महासचिव रंजन सिंह एवं प्रवक्ता परवेज अख्तर सहित अन्य उपस्थित थे।
आयुक्त व डीएम ने भी लिया शिविर का जायजा
सबौर हाई स्कूल एवं ब्लॉक कैम्पस स्थित राहत शिविर का आयुक्त अजय कुमार चौधरी, जिलाधिकारी आदेश तितरमारे, उप विकास आयुक्त अमित कुमार एवं जोनल आईजी सुशील मान सिंह खोपड़े ने जायजा लिया। बाढ़ पीड़ितों का हाल जाना। आयुक्त ने सबौर के बीडीओ एवं शिविर प्रभारी को पीड़ित परिवारों को आवश्यक सभी सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया। उन्होंने किचन में बन रहे खाने का भी जायजा लिया। पीड़ितों से मिल उनकी समस्याओं को भी सुने।