भागलपुर में काल बनकर आई आंधी, बिजली गिरने से चार बच्चों की मौत
भागलुपर में काल बनकर आई आंधी में सात बच्चे एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए। उसी पेड़ पर बिजली गिरी और चार बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। शेष तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पटना [जेएनएन]। बिहार के भागलपुर में बुछ बच्चे आंधी में गिरे आम चुनने बाग में गए थे। इसी दौरान बिजली गिरी और उनमें चार की दर्दनाम मौत हो गई। घटना गुरुवार को भागलपुर के कहलगांव थाना क्षेत्र के सिया गांव में हुई।
मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से चार बच्चों की मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य बच्चियां जख्मी हो गईं। घायल बच्चियों को कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना उस वक्त हुई, जब आंधी के दौरान बच्चे आम के बगीचे में आम चुनने के लिए गये थे। बारिश आ जाने पर सात बच्चे एक पेड़ के नीचे छिप गए। इसी पेड़ पर वज्रपात हो गया। घटना में चार बच्चों की तत्काल मौत हो गयी। मृतकों में तीन लड़कियां हैं।
भागलपुर में ही एक अन्य घटना में वज्रपात से एक युवक की मौत हो गई।