तनवीर की गिरफ्तारी को मुंबई जाएगी पुलिस
भागलपुर। सूजागंज में बमबाजी कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात तनवीर की तलाश में पुलिस मुम्बई जाएंगी।
भागलपुर। सूजागंज में बमबाजी कर दहशत फैलाने वाले कुख्यात तनवीर की तलाश में पुलिस मुम्बई जाएंगी। घटना के बाद से पुलिस उसकी टोह में थी। सोमवार पुलिस को उसके सेलफोन का लोकेशन मुम्बई में मिला है।
हाल के दिनों में तनवीर ने बमबाजी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। बीते 26 दिसंबर को ही उसने परबत्ती निवासी दिलीप सिंह के घर पर भी बमबाजी की थी। उस घटना में पुलिस उसकी तलाश कर ही रही थी तभी उसने सूजागंज में ताबड़तोड़ बमबाजी की। सूचना है कि तनवीर अपना प्रभाव शहर में बनाना चाहता है ताकि वह शहर के व्यापारियों से रंगदारी वसूल सके। फिलहाल पुलिस के लिए तनवीर की गिरफ्तारी चुनौती बनी है। परबत्ती इलाके के लोगों का कहना है कि तनवीर के कारण ही एक बार फिर इलाके में दहशत हो गई है। इसकी वजह से अब लोगों का घर से निकला भी मुश्किल हो गया है। उधर, पुलिस को आशंका है कि शहर में इसकी वजह से फिर गैंगवार शुरू हो जाएगा। क्योंकि यह खुद को राणा मियां के करीब लाना चाह रहा है। राणा मियां के नजदीक आते ही यह उसके लिए काम करना शुरू कर देगा। जिससे फिर गैंगवार शुरू हो जाएगा। इसलिए इसकी गिरफ्तारी बहुत जरूरी है।