हमारी मांगें पूरी करो, भांग-गांजा फ्री करो
भागलपुर । बाबा भोलेनाथ के भक्तों के कई रूप हैं। कई ऐसे भी भक्त होते हैं, जो गांजा-
भागलपुर । बाबा भोलेनाथ के भक्तों के कई रूप हैं। कई ऐसे भी भक्त होते हैं, जो गांजा-भांग का सेवन करते हुए अजगवीनाथ धाम से बाबाधाम की यात्रा करते हैं। ऐसे एक कांवरियों की टोली सुल्तानगंज सीढ़ी घाट पर कांवर की परिक्रमा के दौरान 'हमारी मांगें पूरी करों, भांग-गांजा फ्री करो' के नारे लगा रहे थे। सहरसा से पहुंचे कांवरियों का कहना है कि सावन महीने में भांग व गांजा को फ्री कर देना चाहिए। प्रतिबंध रहने के कारण यह आसानी से सब जगह उपलब्ध नहीं हो पाता है। सेवन करने में भी डर लगता है। वहीं मधुबनी से सुल्तानगंज होते हुए डाकबम के रूप में देवघर जा रहे अनिल किशोर जल उठाने के बाद खुलेआम गांजा का कस लगाते हुए जा रहे थे। कैमरा चमकने के बाद उन्होंने चिलम को छुपाने का प्रयास किया, लेकिन तबतक फोटो कैमरा में कैद हो चुका था। आनंद ने बताया कि गांजा-भांग के बिना रास्ता तय करना मुश्किल हो जाएगा। चूकि बिना रूके आनंद को देवघर तक जाना है, इसलिए उन्होंने गांजा के कई खुराक अपने साथ लेकर चल रहे हैं। कठपुलवा के समीप मुख्य सड़क के किनारे दरभंगा के कांवरियों की टोली गांजा का कस लगा रहे थे। इसके बाद सभी को भोजन करना था। भोजन बन रहा था। बगल में किराये की बस खड़ी थी। संतोष बम ने बताया कि भोलेनाथ को गांजा पसंद है, इसलिए इसका सेवन कर रहे हैं। मासूमगंज से तारापुर के बीच आधा दर्जन से अधिक लोग सिल्ला-लोढ़ी लेकर भांग पिसाई के कार्य में लगे हुए हैं। पांच व दस रुपये में गोली बेची जा रही है। भांग बेचने वाले संतोष ने बताया कि प्रतिदिन एक हजार रुपये से अधिक की कमाई हो रही है। अगर दूध-लस्सी, जूस आदि के साथ भांग बेचते तो कमाई कई हजार में होती। असरगंज एवं तेघड़ा के बीच कांवरिया पथ पर नशीले पदार्थों की बिक्री जोर शोर से हो रही है। नशीले पदार्थों के सौदागर बड़ी संख्या में छोटे छोटे बच्चों के हाथें नशीले पदार्थ की बिक्री करवा रहे हैं। जिसे बाबा का प्रसाद मान कांवरिया भी जमकर सेवन कर रहे हें। कई कांवरिया तो इसके सेवन से मूर्छित हो अपना सुध बुध खो बैठते हैं। इसी क्रम में तारापुर क्षेत्र के कच्ची कांवरिया पथ में मंगलवार की रात छत्रहार कैंप के आसपास एक कांवरिया नशा का शिकार हो गया। नशा का शिकार हुए कांवरिया कच्ची पथ में पागलों जैसी हरकतें कर रहा था। जिसकी जानकारी स्नानीय दुकानदार ने प्रशासनिक अधिकारियों को दी।