भाजपा की सिवान बैठक भी नहीं दे सकी 'अध्यक्ष'
भागलपुर। सिवान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो दिनों तक चली। इस बैठक में पार्टी के सभी श
भागलपुर। सिवान में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक दो दिनों तक चली। इस बैठक में पार्टी के सभी शीर्ष पदाधिकारी मौजूद थे। लेकिन किसी नेता ने भागलपुर में नए भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति या मनोनयन की चर्चा तक नहीं की। उम्मीद थी कि सिवान की कार्यसमिति भागलपुर सहित बचे पांच जिलों में नए अध्यक्ष की घोषणा कर देगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ। जबकि इस बैठक में जिले से जुड़े दो बड़े नेता सांसद अश्विनी कुमार चौबे और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन भी थे। अध्यक्ष के दावेदारों में दोनों नेताओं के करीबी शामिल हैं। सिवान की बैठक में अध्यक्ष के मनोनयन को लेकर चर्चा होती तो दोनों में से एक बाजी मार लेते। लेकिन वहां ऐसी स्थिति नहीं बनी। इसलिए सभी चुप्पी साधकर लौट गए। दो दिनों तक चली बैठक में नेताओं ने आगामी कार्यक्रमों की चर्चा की। सभी जिलों को कुछ टास्क भी दिए गए। लेकिन सभी टास्क को पूरा करने की जिम्मेदारी 18 नए मंडल अध्यक्षों के साथ पुराने जिला अध्यक्ष को ही मिली। कार्यसमिति की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय सहित केंद्रीय मंत्री भी शामिल हुए थे। जिला अध्यक्षों को भी बुलाया गया था। अब यह तय हो गया है कि जिले में अध्यक्ष का चुनाव नहीं होना है। प्रदेश से ही मनोनयन होगा। जिला अध्यक्ष अभय वर्म्मन कहते हैं कि प्रदेश कार्यसमिति के निर्देश पर 29 को जिला कार्यसमिति की बैठक बुलाई गई है। सिवान की बैठक में आधा दर्जन से अधिक भाजपाई यहां से शामिल हुए थे। प्रदेश ने तय किया है कि सूबे के 60 हजार बूथों तक भाजपा कार्यकर्ता पहुंचेंगे। वर्म्मन ने कहा कि जिला कार्यसमिति की बैठक के एक सप्ताह के अंदर सभी मंडल अध्यक्षों को अपने क्षेत्र में बैठक करनी होगी। अध्यक्ष ने कहा कि राज्य में भागलपुर सहित सिवान, अररिया, गया व जहानाबाद में भी जिला अध्यक्ष के चुनाव नहीं हुए हैं। इनमें भागलपुर की कोर कमेटी सभी मंडल अध्यक्षों की घोषणा कर चुकी है।
----------------------
सिवान में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक उत्साह के साथ संपन्न हो गया। वहां नए अध्यक्ष के मनोनयन को लेकर प्रदेश के पदाधिकारियों ने कोई चर्चा नहीं की।
-अभय वर्म्मन, जिला अध्यक्ष, भाजपा।