तेजस्वी ने कहा - किसे पता था मैं इतनी जल्दी उपमुख्यमंत्री बन जाऊंगा?
बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि किसे पता था नीतीश कुमार भाजपा से अलग हो जाएंगे, इतनी जल्दी मैं उपमुख्यमंत्री बन जाऊंगा, बिहार में महागंठबंधन की सरकार बनेगी?
पटना [वेब डेस्क]। उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा है कि इतनी जल्दी मैं उपमुख्यमंत्री बन जाऊंगा यह किसे मालूम था। नीतीश कुमार भाजपा से अलग हो दाएंगे और बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी ये भी किसे मालूम था। इसीलिए बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, यह जनता तय करेगी। जनता का फैसला कोई नहीं जान सकता।
मोदी से अच्छे पीएम बन सकते हैं नीतीश
तेजस्वी यादव ने कल भागलपुर के स्थानीय परिसदन में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि जनता काम के आधार पर वोट देती है। अभी मेरा ध्यान काम पर है, बयानबाजी पर नहीं। पूरी कैबिनेट नई है और दस महीने में ही काम दिख रहा है। प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश कुमार की दावेदारी का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि अधिक अनुभव होने के कारण वे नरेंद्र मोदी से बेहतर प्रधानमंत्री साबित होंगे।
शहाबुद्दीन को विपक्ष हौवा बना रहा
तेजस्वी यादव ने शहाबुद्दीन मामले पर विपक्ष के लगाए जा रहे आरोपों पर आक्रामक रूख दिखाया। उन्होंने कहा कि मो. शहाबुद्दीन के मामले को विपक्ष जान-बूझकर हौवा बना रहा है। यह बिहार सरकार को बदनाम करने की साजिश है। अदालत और सरकार अपना काम कर रही है। इसलिए अदालत के आदेश पर राजनीति बंद होनी चाहिए।
अपना दामन देखे भाजपा
पूछा-शहाबुद्दीन को जमानत मिलना कोई पहला मामला तो है नहीं? भाजपा के वर्तमान राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित साह पर भी कई गंभीर आरोप थे। अदालत ने उन्हें बरी किया तो भाजपा अपील में क्यों नहीं गई? असीमानंद मामले में विपक्ष चुप क्यों है? अनंत सिंह पर हुई कार्रवाई पर भाजपा क्यों नहीं कुछ नहीं बोल रही है? अदालत के आदेश का राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। वहीं, सुप्रीम कोर्ट द्वारा तेजप्रताप यादव को भेजे गए नोटिस पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में नोटिस का जवाब दिया जाएगा।
विपक्ष बताए बिहार में कहां है जंगलराज?
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष बताए कि बिहार में जंगलराज कहां है? देश में अपराधिक घटनाओं में बिहार 22वें पायदान पर है। इससे अधिक अपराध भाजपा शासित राज्य महाराष्ट्र, गुजरात, मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में हो रहे हैं। दिल्ली की स्थिति किसी से छिपी नहीं है। भाजपा सिर्फ अफवाह फैलाने में लगी है। जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
समय आने पर बेनकाब करेंगे भाजपा की साजिश
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान वर्तमान पीएम नरेन्द्र मोदी और एनडीए के नेताओं ने उनकी पार्टी व पिता के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। सुशील मोदी ने बड़े मियां और छोटे मियां तक की संज्ञा दे डाली। अब जब सरकार बन गई है तो जनादेश का सम्मान करना चाहिए।
भाजपा और आरएसएस उनकी पार्टी और परिवार के लिए क्या साजिश रच रही है, इसकी जानकारी है। सही समय आने पर जवाब दिया जाएगा। पूरे बिहार में प्रमंडलवार जनसंवाद कार्यक्रम चलाकर जनता की राय ली जाएगी। अभी सरकार केवल तरक्की और विकास पर ध्यान दे रही है। युवाओं के भविष्य को लेकर काम किया जा रहा है।