Move to Jagran APP

बिहार में बिहारी ही करेगा शासन, लेकिन होगा एनडीए से : अमित शाह

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पलटवार करते हुए कहा कि वे कहते हैं कि बिहार में बाहरी नहीं, बिहारी ही शासन करेगा। मैं भी कहता हूं बिहार में बिहारी ही शासन करेगा, पर वह एनडीए का होगा।

By Pradeep Kumar TiwariEdited By: Published: Tue, 06 Oct 2015 01:40 PM (IST)Updated: Tue, 06 Oct 2015 08:18 PM (IST)
बिहार में बिहारी ही करेगा शासन, लेकिन होगा एनडीए से : अमित शाह

जागरण टीम, भागलपुर/पीरपैंती। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर पलटवार करते हुए कहा कि वे कहते हैं कि बिहार में बाहरी नहीं, बिहारी ही शासन करेगा। मैं भी कहता हूं बिहार में बिहारी ही शासन करेगा, पर वह भाजपा का होगा। इसके बाद आपके यानी नीतीश के लिए बिहार में कोई जगह नहीं होगी।

loksabha election banner

शाह ने कहा कि याद कीजिए लालू प्रसाद के पहले के शासन काल को। कोई भी अपनी मां-बहन, बेटी के साथ सुरक्षित घरों से बाहर नहीं निकल सकता था। लालू राज में दलित, महादलित, पिछड़े, अति पिछड़े सभी पर अत्याचार हुए। क्या आप वैसी सरकार फिर से लाना चाहते हैं।

जनादेश के साथ धोखा देकर बिहार के लोगों का अपमान किया। नीतीश तो मुखौटा हैं। उनके पीछे लालू प्रसाद है। आप भाजपा गठबंधन को मौका दीजिए। शाह मंगलवार को भागलपुर के बागबाड़ी व पीरपैंती के प्रगति मैदान में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि अगर नीतीश की सरकार सत्ता में आई तो वह केंद्र सरकार के दिए पैकेज का सदुपयोग नहीं कर पाएगी। ऐसे में बिहार का विकास नहीं हो सकेगा। बिहार को भाजपा की सरकार चाहिए। भाजपा ही बिहार का विकास कर सकती है। उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं ने मोदी को प्रधानमंत्री बनाकर बड़ा काम किया है। विधानसभा चुनाव में भी युवा अपना योगदान देंगे।

अमित शाह ने एक बार फिर दोहराया कि नीतीश के एक कंधे पर 12 लाख करोड़ का घोटाला करने वाली कांग्रेस तो दूसरे पर जंगलराज के प्रतीक लालू प्रसाद विराजमान हैं। नीतीश का आना बिहार को पीछे ले जाने के सामान होगा। कहा, बिहार में जंगलराज से मुक्ति के लिए भाजपा ने जदयू के साथ गठबंधन किया था और नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने थे।

लोगों को जंगलराज से मुक्ति मिली थी। लेकिन वहीं नीतीश कुमार हैं जिन्होंने भाजपा की पीठ में छुरा घोंपा और अब उसी लालू को कंधे पर बैठाकर घूम रहे हैं, जिसका वह विरोध कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा से ज्यादा कहीं भी कार्यकर्ता नहीं हैं। जहां कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होगी, वहीं झगड़ा होता है। पार्टी के अंदर कोई विवाद नहीं है।

अमित शाह ने कहा कि बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा आदि के विकास के लिए नरेंद्र मोदी ने एक लाख 65 करोड़ रुपये बिहार सरकार को दिया। लेकिन नीतीश और लालू कहते हैं कि बिहार अपने दम पर ही अपने पैर पर खड़ा होगा। हमें पैकेज की जरूरत नहीं है। आप हमें बताएं क्या आपको अच्छे सड़क नहीं चाहिए? क्या आपको स्वास्थ्य सेवा और बेहतर शिक्षा नहीं चाहिए?

आपको विकास नहीं चाहिए? इसलिए भाजपा गठबंधन की सरकार बनाएं। उन्होंने कहा कि भाजपा आरक्षण की समर्थक है। लेकिन नीतीश और लालू लोगों से इस मसले पर सफेद झूठ बोल भ्रम फैला रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि हम बिहार का विकास चाहते हैं। बिहार में सबकुछ है, यदि कुछ नहीं है तो यहां एक अच्छी सरकार नहीं है। अच्छे शासन की यहां जरूरत है। इसलिए भाइयों, मित्रों, माताओं नरेंद्र मोदी पर भरोसा कीजिए और एकबार मौका दीजिए।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.