बागबाड़ी पोखर में तीसरी कक्षा का छात्र डूबा, हत्या की आशंका
भागलपुर। मध्य विद्यालय सकरुल्लाचक की कक्षा तीन के छात्र रंजन कुमार की बागबाड़ी स्थित पोखर में
भागलपुर। मध्य विद्यालय सकरुल्लाचक की कक्षा तीन के छात्र रंजन कुमार पंडित की बागबाड़ी स्थित पोखर में डूबने से मौत हो गई। उसके पिता उदय पंडित दूसरे जिले में मजदूरी करते हैं। सकरुल्लाचक स्थित घर में वह अपनी मां व बड़े भाई के साथ रहता था। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले दिनों बागबाड़ी में एसएफसी गोदाम के पीछे खुदाई हुई थी। गुरुवार दोपहर करीब तीन बजे उस पोखर में कुछ बच्चे स्थान कर रहे थे। इसी दौरान रंजन डूब गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों के अनुसार कई महीने पूर्व खुदाई हुई थी। खुदाई के बाद पोखर में पानी जमा हो गया था। स्थानीय लोगों द्वारा मना किए जाने के बावजूद हर दिन दर्जनों बच्चे इसमें स्नान करते थे। लोगों ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक लापरवाही के कारण उक्त स्थल की घेराबंदी नहीं की गई है। अगर घेराबंदी हुई होती तो आज यह हादसा नहीं होता।
इधर, बच्चे की मां ने थानाध्यक्ष के समक्ष आशंका व्यक्त की है कि उनके बेटे की हत्या कर शव को पोखर में फेंका गया है। उन्होंने घटना का कारण घर के पास परती जमीन का विवाद बताया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।