स्वामी निरंजनानंद को पद्मभूषण से किया गया सम्मानित
मुंगेर किे जिलाधिकारी उदय कुमार सिंह ने एक समारोह में परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती को पद्मभूषण सम्मान सौंपा। इसके बाद स्वामी ने इस सम्मान को गुरूपरंपरा को समर्पित कर दिया।
मुंगेर [जेएनएन]। जिलाधिकारी उदय कुमार सिंह ने 'पादुका दर्शन' आश्रम में आयोजित एक समारोह में रविवार को परमहंस स्वामी निरंजनानंद सरस्वती को पद्मभूषण सम्मान सौंपा। स्वामी निरंजनानंद ने यह सम्मान गुरु परंपरा को समर्पित कर दिया।
स्वामी निरंजनानंद ने कहा कि पद्मभूषण उन्हें नहीं, बल्कि गुरु परंपरा को मिला है। उन्होंने कहा कि स्वामी शिवानंद ने एक बंजर भूमि को खेती योग्य बनाया। उनके शिष्य स्वामी सत्यानंद ने खाद-बीज डाला, फलदार पेड़ लगाया। आज उन दोनों के प्रयास से उपजे फलों का ही वे उपभोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि योग का मुंगेर से देश-विदेश में प्रचार-प्रसार में यहां के स्थानीय लोगों ने भी सहयोग किया है। इस कारण यह सम्मान मुंगेर के लोगों को भी समर्पित है।
मौके पर डीएम उदय कुमार सिंह ने कहा कि यह उनके लिए भी गौरव का क्षण है कि उन्हें स्वामीजी को यह सम्मान हस्तगत करने का मौका मिला। स्वामीजी पंचागनी साधना में लीन होने के कारण गत 25 जनवरी को राष्ट्रपति भवन में आयोजित अलंकरण समारोह में भाग नहीं ले सके थे।
यह भी पढ़ें: चुंबकीय गुण वाले शिवलिंग बरामद, अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ों में कीमत
मौके पर प्रमंडलीय आयुक्त नवीन चंद्र झा, एसपी आशीष भारती, सूचना व जन संपर्क विभाग के संयुक्त निदेशक केके उपाध्याय सहित सैकड़ों की संख्या में अनुयायी उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: SSC MTS परीक्षा के दोनों पालियों के प्रश्नपत्र लीक, छात्रों ने किया बवाल