28 तक गरज के साथ बारिश
भागलपुर। चक्रवातीय लो प्रेशर की स्थिति बने होने के कारण 28 मार्च तक कभी भी गरज के साथ छींटे पड़ सकते
भागलपुर। चक्रवातीय लो प्रेशर की स्थिति बने होने के कारण 28 मार्च तक कभी भी गरज के साथ छींटे पड़ सकते हैं। तेज हवाओं के साथ कहीं-कहीं ओले पड़ने की भी उम्मीद है। उत्तरी-पूर्वी हवा की वजह से तापमान में भी वृद्धि की संभावना बनी हुई है।
बीते तीन दिनों से औसतन पांच किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से चल रही उत्तरी-पूर्वी हवा ने उमस भरी गर्मी का अहसास कराया है। बारिश के बाद भी राह चलते लोग पसीने से तर-बतर दिखे।
मौसम पूर्वानुमान
इधर मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि अभी अगले तीन दिनों तक मौसम यूं ही बना रहेगा। चक्रवातीय हवा का निम्न स्थानीय स्तर पर भी बनने की संभावना है। जिससे तेज हवाओं के साथ ओले व बारिश हो सकती है।
समसामयिक सलाह
बीएयू के कृषि वैज्ञानिकों ने मौसम को ध्यान में रखते हुए समसामयिक सलाह में कहा है कि खलिहानों पर पड़ी फसल को रात में सुरक्षित कर ले। सुखी फसलों की तैयारी में तेजी लाएं। 28 तक किसी भी समय आंधी-तूफान व बारिश का सामना करना पड़ सकता है।
शुक्रवार का तापमान
अधिकतम - 33.0 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम - 18.0 डिग्री सेल्सियस
आर्द्रता - 91 फीसद
हवा की गति- 5.2 किलोमी. प्रतिघंटा : उत्तरी-पूर्वी
कोट..
अगले तीन दिनों तक मौसम यूं ही बना रहेगा। बारिश की भी संभावना बनी हुई है।
प्रो. बीरेंद्र कुमार, नोडल पदाधिकारी, मौसम विभाग, बीएयू सबौर।