ट्रामा वार्ड की नर्स भी हुई डेंगू मरीज
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के ट्रामा वार्ड की नर्स ममता भी डेंगू पीड़ित हो
भागलपुर। जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल के ट्रामा वार्ड की नर्स ममता भी डेंगू पीड़ित हो गई। अस्पताल के ट्रामा और डेंगू विभाग में डेंगू मरीजों को भर्ती किया जाता है। अभी दोनों वार्डो में 40 से ज्यादा मरीजों को भर्ती किया गया है। अभी तक 485 मरीजों को भर्ती किया गया इनमें 250 मरीजों में डेंगू के लक्षण पाए गए।
पानी की नहीं है व्यवस्था
ट्रामा वार्ड में पानी की व्यवस्था नहीं है। वहीं बाथरुम में बाहर किवाड़ है, भीतर नही है। बाथरुम में दो शौचालय बनाए गए हैं। एक में भी किवाड़ नहीं है। मरीज बाथरुम जाता है तो कोई दूसरा प्रवेश नहीं कर जाए इसलिए मरीज के परिजन बाहर खड़े रहते हैं। स्थिति यह है कि पीने के लिए मरीज के परिजन बाहर से पानी लाते हैं। वहीं नर्सो को हाथ धोने के लिए भी पानी नहीं मिलता।
जांच में भी आता है अंतर
डेंगू वार्ड में भर्ती मरीजों के प्लेटलेट्स जांच में भी अंतर आने से वे परेशान हैं। सिविल सर्जन कार्यालय के किरानी महेश प्रसाद केशरी तीन दिनों से डेंगू वार्ड में भर्ती हैं। अस्पताल के पैथोलॉजी में एलिजा जांच कराया गया तो 18 हजार प्लेटलेट्स आया। शक होने पर जब निजी पैथोलॉजी में जांच कराया गया तो 34 हजार प्लेटलेंट्स आया। नरगा के हीरा खान के प्लेटलेट्स जांच करवाने में 16 हजार और निजी पैथोलॉजी में जांच करवाने पर 24 हजार प्लेटलेट्स रिपोर्ट में अंकित किया गया।