स्मार्ट सिटी को चाहिए फ्लाई ओवर
भागलपुर । भागलपुर शहर स्मार्ट सिटी में शामिल हो गया है। स्मार्ट सिटी के लोग पिछले दो दिनों से फीलगुड
भागलपुर । भागलपुर शहर स्मार्ट सिटी में शामिल हो गया है। स्मार्ट सिटी के लोग पिछले दो दिनों से फीलगुड महसूस करने लगे हैं। पिछले छह माह के जद्दोजहद के बाद भागलपुर को यह उपलब्धि हासिल हुई है। यह फीलगुड लंबे समय तक बरकरार रहे, इसके लिए शहर को फ्लाईओवर चाहिए। शहरवासी भले ही स्मार्ट सिटी की उपलब्धि से खुश हो रहे हैं लेकिन उनके समक्ष शहर में सबसे बड़ी समस्या सड़क जाम की है। इससे निजात के लिए ट्रॉफिक मैनेजमेंट को कई बार चुस्त दुरूस्त किया गया, लेकिन कोई सार्थक परिणाम नहीं निकला। अब शहरवासी चाह रहे हैं कि जीरोमाइल, तिलकामांझी, कचहरी चौक, घूरनपीरबाबा चौक, घंटाघर चौक, खलीफाबाग चौक व कोतवाली चौक को कनेक्ट करने के लिए फ्लाईओवर का निर्माण हो ताकि बाहर जाने वाली गाड़ियां उपर-उपर निकल जाए। शहरवासी प्रतिदिन इन चौराहों पर दिन में दो-चार घंटे फंसते हैं। जब शहरवासी जाम में फंसे रहते हैं तो तब उन्हें याद आती है।
नागरिक विकास समिति के प्रधान सलाहकार रमण कर्ण की समझ है कि ट्राफिक का डाइवर्सन जीरोमाइल के बाद ही होना चाहिए। पटना जैसे शहर में वर्तमान आधारभूत संरचना पर ही कई फ्लाईओवर का निर्माण हो सकता है तो यहां क्यों नहीं संभव है। कर्ण ने स्मार्ट सिटी की योजना में फ्लाईओवर को शामिल कर शीघ्र इस पर काम शुरू करने की मांग की है। बागवाड़ी सूर्यलोक कॉलोनी के दीपक कुमार झा का सुझाव है कि तिलकामांझी चौक से कोतवाली चौक तक फ्लाईओवर बन जाने से शहर में जाम की समस्या स्वाभाविक तौर पर समाप्त हो जाएगी। वर्तमान आधारभूत संरचना को परिवर्तन करने के बदले नई संरचना विकसित करने से लोगों को निजात मिलेगी। उन्होंने कहा कि भोलानाथ पुल पर प्रस्तावित फ्लाईओवर उल्टा पुल के ट्राफिक को भी कम करेगा। झारखंड को जोड़ने वाला लोहिया सेतु पर भी ट्राफिक का भारी दवाब है। निर्माण के बाद मेंटनेंस नहीं होने से यह दस वर्ष में ही दम तोड़ने लगा है। इसके बचाव के लिए वैकल्पिक सेतु की शहर में जरूरत है। आज कचहरी चौक व खलीफाबाग चौक पर नित्य दिन जाम लगता है। स्कूल जाने और आने में बच्चे यहां घंटों फंसे रहते हैं। विक्रमशिला सेतु पर जाम का प्रभाव कचहरी चौक तक पड़ता है।