भागलपुर में नहीं गूंजी स्टार प्रचारकों की गूंज
भागलपुर। भागलपुर छोड़कर शेष सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्टार प्रचारकों की गूंज लगातार सुनाई दे रही है
भागलपुर। भागलपुर छोड़कर शेष सभी विधानसभा क्षेत्रों में स्टार प्रचारकों की गूंज लगातार सुनाई दे रही है। नवगछिया और कहलगांव अनुमंडल में लगातार दोनों ही गठबंधन के नेता धमाकेदार प्रचार कर रहे हैं। कहलगांव में जहां एनडीए ने अब तक बड़े नेताओं को उतारे हैं वहीं नवगछिया अनुमंडल में महागठबंधन की करीब चार सभाएं हो चुकी हैं। दोनों ही अनुमंडलों में दो-दो विधानसभा क्षेत्र हैं। सिर्फ भागलपुर विधानसभा ही ऐसा क्षेत्र है जहां भाजपा और कांग्रेस एक दूसरे को निहार रहे हैं कि पहले स्टार प्रचारकों को कौन उतारता है। वैसे भाजपा में 40 स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल बक्सर के सांसद अश्विनी कुमार चौबे खुद पिछले दस दिनों से यहां कैम्प कर रहे हैं। इस सीट से उनके पुत्र उम्मीदवार हैं। भागलपुर में भाजपा प्रत्याशी के लिए सुषमा स्वराज, सतपाल महाराज, गिरिराज सिंह, सुशील कुमार मोदी का कार्यक्रम बना था लेकिन कंफर्म नहीं हुआ है। वैसे एक और स्टार प्रचारक शाहनवाज हुसैन यहां आए और चंद लोगों से मिलकर बांका के लिए चले गए। कांग्रेस प्रत्याशी के लिए लालू प्रसाद का कार्यक्रम नौ को मिला है लेकिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तिथि निश्चित नहीं हुई है। वैसे कांग्रेस नेता मृत्युंजय सिंह गंगा कहते हैं कि ज्योतिरादित्य सिंधिया, नगमा और राज बब्बर यहां आएंगे। खुद प्रत्याशी की पुत्री नेहा शर्मा प्रचार के अंतिम दिन रोड शो करेंगी। इसके जवाब में भाजपा ने भी सुशील मोदी के रोड शो का कार्यक्रम बनाया है।
वैसे जब तक इन दलों के लिए स्टार प्रचारक नहीं आए हैं तब तक खुद प्रत्याशी और उनकी पार्टी के कार्यकर्ता अलग-अलग टोलियों में घूम रहे हैं। अर्जित शाश्वत चौबे के लिए युवा, महिला और व्यवसायिक संगठन के लोग लगातार घूम रहे हैं। खुद प्रत्याशी भी सुबह से शाम तक हाथ जोड़ कर वोट मांग रहे हैं। कांग्रेस प्रत्याशी अजीत शर्मा भी अलग-अलग इलाकों में अपने समर्थकों के साथ घूम रहे हैं। कांग्रेस की महिला विंग भी सक्रिय है। नाथनगर क्षेत्र में एनडीए के अमर सिंह कुशवाहा के लिए अब तक माइक नहीं गरजा है जबकि जदयू के अजय मंडल के लिए नीतीश आ चुके हैं। सुल्तानगंज में सुबोध राय के लिए नीतीश और लालू बोल चुके हैं।
रालोसपा के हिमांशु पटेल के लिए खुद पार्टी सुप्रीमो उपेंद्र कुशवाहा कैम्प कर प्रचार की बागडोर संभाले हैं। पीरपैंती में भाजपा प्रत्याशी ललन कुमार और कहलगांव में लोजपा प्रत्याशी नीरज मंडल के लिए केंद्रीय मंत्रियों की सभा हुई है। दोनों ही सीटों पर महागठबंधन के सदानंद सिंह और राम विलास पासवान के लिए नीतीश और लालू की सभा हो चुकी है। अभी लोजपा सुप्रीमो अपने प्रत्याशी के लिए जिले के किसी भी सीट पर हेलीकॉप्टर नहीं उतारे हैं। पुत्र चिराग के साथ राम विलास पासवान की मांग नाथनगर से लेकर पीरपैंती तक है। सभाओं की शुरूआत नवगछिया से हुई है। वह इलाका अब भी स्टार प्रचारकों के मामले में आगे है। भाजपा प्रवक्ता देव कुमार पांडेय कहते हैं कि अर्जित के लिए स्टार प्रचारकों के कार्यक्रम बन रहे हैं जिसमें सहयोगी दलों के जीतनराम मांझी, रामविलास पासवान, उपेंद्र कुशवाहा, रविशंकर प्रसाद शामिल हैं। पांडेय कहते हैं कि सबसे बड़े स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांका कार्यक्रम में जिले के लगभग सभी एनडीए प्रत्याशी रहेंगे। मोदी का बांका संदेश न केवल भागलपुर बल्कि बिहार के कोने-कोने तक फैलेगा।