स्मार्ट बनें हम, स्मार्ट होगा भागलपुर
भागलपुर। लोकतंत्र के सजग प्रहरी और भागलपुर का नंबर वन अखबार होने के नाते हम भागलपुर को स्मार्ट सिटी
भागलपुर। लोकतंत्र के सजग प्रहरी और भागलपुर का नंबर वन अखबार होने के नाते हम भागलपुर को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए मजबूती से आवाज उठाते रहे हैं। हमने अपनी 12वीं वर्षगांठ के मौके पर धारदार रिपोर्टिग और बेहतर संपादकीय सामग्री के साथ इस इलाके को बेहतर नागरिक और जीवन स्तर की सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए जोरदार तरीके से आवाज बुलंद की थी। हमारा मकसद है क्षेत्र और क्षेत्रवासियों का चहुंमुखी विकास। इसके लिए हमने शहर के विकास के लिए सभी जिम्मेदार लोगों एवं राजनेताओं को यहां की हर समस्याओं के प्रति न केवल जागरूक किया बल्कि उन पर यह दबाव भी बनाया कि वह क्षेत्र के विकास के लिए सही मायने में कार्य करें। इसके लिए हमने 23 से 31 जुलाई के अपने अंकों में शहर के विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए एक श्रृंखला पेश की थी। इसका सुपरिणाम मिला और नगर निगम से लेकर प्रशासन और राजनेता इस दिशा में सक्रिय और सजग हुए। इसके फलस्वरूप गुरुवार को स्मार्ट सिटी बनाने के लिए केंद्र द्वारा घोषित 98 शहरों की सूची में भागलपुर का नाम शामिल है।
हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि सूची में शामिल होने के बाद अब भागलपुर की जनता और अधिक जागरूक होगी। वोट बैंक की राजनीति से आगे बढ़कर राजनेता इस दिशा में और सक्रिय कदम उठाएंगे। प्रशासनिक अधिकारी भी अपनी सुस्ती तोड़कर न सिर्फ स्मार्ट वर्किंग का उदाहरण पेश करेंगे बल्कि लोगों को भी स्मार्ट नागरिक बनने के लिए प्रेरित करेंगे। इसके अतिरिक्त उम्मीद है कि उद्योग, व्यापार, सिल्क, कृषि, शिक्षा, साहित्य, संस्कृति और यातायात के क्षेत्र में देश तो क्या विदेशों में भी भागलपुर का डंका एक बार फिर से बजेगा।