पीएम दौरे के बाद सीटों का बंटवारा : शकुनी
भागलपुर। हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे क
भागलपुर। हिन्दुस्तान आवाम मोर्चा (हम) के प्रदेश अध्यक्ष शकुनी चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे के बाद एनडीए में दलों के बीच सीटों का बंटवारा हो जाएगा। एनडीए में शामिल दलों के बीच सीटों को लेकर कोई गतिरोध नहीं है। वे खुद तारापुर से चुनाव लड़ने के पक्ष में हैं।
चौधरी गुरुवार एक होटल में संवाददाता सम्मेलन में बोल रहे थे। उन्होंने सभी दलों का आह्वान किया कि बिहार को आगे बढ़ाना है तो मोदी के साथ चलो। पीएम रैली में अधिक से अधिक लोगों को जुटाने की अपील करने आए हम के नेता ने कहा कि नीतीश कुमार अब चारों से घिर गए हैं। उन्हें एनडीए की सेना ने घेर लिया है। उन्होंने दावा किया कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में भागलपुर टापू बनकर रह गया।
विधानसभा चुनाव की चर्चा पर कहा कि इस बार लड़ाई दो विचारधाराओं के बीच है। बिहार की जनता राज्य को प्रगति पर ले जाने वाले पीएम के साथ है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कांग्रेस के साथ समझौता कर लिए हैं। जेपी की आत्मा रो रही होगी। जिस कांग्रेस ने बिहार में आपातकाल लगाया उसी कांग्रेस का साथ आज नीतीश और लालू प्रसाद दे रहे हैं। इसके पूर्व शकुनी ने हम के नेताओं के साथ हवाई अड्डा कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। मौके पर जिला अध्यक्ष अभय सिंह, इम्तियाज अहमद खां, सिकंदर जमाल, अनिल सिंह, अनुज सिंह व दिवाकर चंद्र दूबे थे।