मुआवजे की राशि जमा होने पर फोन से बताएं
जागरण संवाददाता, भागलपुर : किसानों के बीच फसल क्षति का अनुदान वितरण में तेजी आ रही है। सर्वे के बाद
जागरण संवाददाता, भागलपुर : किसानों के बीच फसल क्षति का अनुदान वितरण में तेजी आ रही है। सर्वे के बाद जिन किसानों के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से कृषि इनपुट दिया जा रहा है उन्हें फोन से सूचित करने का निर्देश प्रभारी सचिव विनय कुमार दे गए हैं। उधर, प्रभारी सचिव की समीक्षा के बाद सभी प्रखंडों में वरीय प्रभारी कैम्प कर मुआवजे की राशि को बैंक में जमा करवा रहे हैं।
अपर समाहर्ता हरिशंकर प्रसाद ने कहा कि अब तक ट्रेजरी से 12 करोड़ 96 लाख की निकासी कर प्रखंडों को भेजे गए हैं। 4 करोड़ 36 लाख का भुगतान सोमवार को ट्रेजरी का लिंक फेल होने के कारण नहीं हो पाया। देर शाम तक लिंक ठीक होने का इंतजार किया गया। एडीएम ने बताया कि कोषागार ने कल निकासी करने का भरोसा दिया है। इस हिसाब से 17 करोड़ से अधिक की राशि किसानों के बीच वितरित कर दिया जाएगा। प्रभारी सचिव ने बुधवार तक इस प्रक्रिया को पूरी कर लेने का निर्देश दिया है। अभी हाल यह है कि प्रखंडों के प्रभारी वरीय उप समाहर्ता प्रतिदिन प्रखंड मुख्यालय में ही कैम्प कर किसानों के कागजात की जांच कर प्रक्रिया पूरी करा रहे हैं।