बहन के ससुराल में पकड़ा गया भरत रजक
जासं, भागलपुर : चर्चित कोमल हत्याकांड का एक और आरोपी भरत रजक रविवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यह को
जासं, भागलपुर : चर्चित कोमल हत्याकांड का एक और आरोपी भरत रजक रविवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। यह कोमल का छोटा देवर है। इसकी गिरफ्तारी पीरपैंती के शाहाबाद से हुई। घटना के बाद गिरफ्तारी के भय से यह अपनी बहन के ससुराल में जाकर छिप गया था। पीरपैंती थानाध्यक्ष पवन कुमार व बरारी के हेमंत कुमार ने गुप्त सूचना पर भरत को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी बाद उसे बरारी थाना लाया गया। पुलिस उससे हत्याकांड के बाबत पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि गत शुक्रवार को बड़ी खंजरपुर स्थित मिश्रा-कुम्हार टोली में दिनदहाड़े बीच सड़क पर घनी आबादी के बीच नवविवाहिता कोमल भारती को केरोसिन डालकर जिंदा फूंक दिया गया था। जघन्य घटना को कोमल के ससुराल वालों ने मिलकर अंजाम दिया था। घटना के लगभग 24 घंटे बाद जेएलएनएमसीएच में शनिवार को इलाज के दौरान कोमल की मौत हो गई। अपनी मौत से पूर्व मजिस्ट्रेट व पुलिस के समक्ष दिए बयान में कोमल ने इस घटना में अपने पति सुजीत उर्फ पारस रजक, ससुर नंदू रजक, सास दुलारी देवी, देवर भरत रजक, जेठ पंकज रजक व जेठानी को नामजद किया था। इनमें से पति, सास, ससुर की गिरफ्तारी घटना के दिन ही हो गई थी। देवर भरत रजक रविवार को पकड़ा गया। शेष दो आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।