मां दुर्गा की प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
जागरण संवाददाता, भागलपुर : पिछले दस दिनों से चल रहे दुर्गापूजा का समापन रविवार को मां दुर्गे की प्रत
जागरण संवाददाता, भागलपुर : पिछले दस दिनों से चल रहे दुर्गापूजा का समापन रविवार को मां दुर्गे की प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ हो गया। विभिन्न पूजा समितियों और श्रद्धालुओं ने धार्मिक रीति रिवाज का पालन करते हुए मां दुर्गा की प्रतिमाओं को मुसहरी घाट, बरारी सीढ़ी घाट, पुल घाट सहित विभिन्न तालाबों व पोखरों में प्रवाहित किया।
पूजा पंडालों में महिलाओं ने विदाई के पूर्व माता को खोंइचा दिया। महिलाओं ने विदाई गीत भी गाए। पंडालों से प्रतिमाओं को निकालने के समय आयोजकों के चेहरे पर मायूसी छाई थी। प्रशासन के दवाब की वजह से समितियों को रविवार को प्रतिमा विसर्जित करने के लिए मजबूर होना पड़ा था।
दिन के 11:30 बजे सर्वप्रथम परबत्ती व कंपनीबाग की दुर्गा प्रतिमा शोभा यात्रा गाजे-बाजे के साथ स्टेशन चौक पहुंची। स्टेशन चौक पर पहुंचने पर मां दुर्गा के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। श्रद्धालुओं ने मां का अराधना किया। इसके बाद धीरे-धीरे प्रतिमा विसर्जन शोभा जुलूस का स्टेशन चौक पहुंचने का सिलसिला चलता रहा। रात करीब 10 बजे जुवक संघ की प्रतिमा शोभा यात्रा स्टेशन चौक पहुंची। अंतिम दर्शन के बाद शोभा यात्रा के निर्धारित मार्ग से प्रतिमाएं आगे बढ़ी। इस दौरान सुजागंज बाजार, खलीफाबाग, आदमपुर, खंजरपुर व मायागंज के पास प्रतिबंध के बावजूद पूजा समितियों के सदस्यों द्वारा विसर्जन शोभा यात्रा में आतिशबाजी भी की गई।
-----------------
घाट पर लगे थे तीन सीसीटीवी कैमरे, दो मोटरबोट पर तीन गोताखोरों के थे प्रबंध
प्रशासन की ओर से मुसहरी घाट पर तीन जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। दो मोटरबोट तथा तीन गोताखोरों की व्यवस्था की गई थी। रोशनी के व्यापक प्रबंध किए गए थे। 38 प्रतिमाओं का विसर्जन देर रात संपन्न हुआ। नगर आयुक्त, सदर एसडीओ, नगर डीएसपी, नगर सचिव, जिला कल्याण पदाधिकारी समेत कई प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए विसर्जन होने तक मुसहरी घाट पर मौजूद थे। वहीं, दुर्गा पूजा महासमिति के अधिकारी व सदस्य स्टेशन चौक पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शोभा यात्रा को स्टेशन चौक से आगे बढ़ाने में प्रशासन का सहयोग कर रहे थे।