'लालू से गठबंधन के बाद सूबे में बढ़ा अपराध'
जागरण संवाददाता, भागलपुर : चुनाव प्रचार के अंतिम दिन मंगलवार को भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। वहीं कांग्रेस ने घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया। भाजपा विधानमंडल के नेता और सूबे के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने रोड शो किया।
रोडशो के पहले मोदी ने एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के साथ गठबंधन के बाद अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। सवा महीने में सूबे में छह ट्रेन डकैतियां हुई हैं। अब तो रेल की सवारी करने पर मुझे भी डर लगने लगा है। लालू से गठबंधन के बाद लोगों को पुराने दिनों की याद ताजा हो गई है। नवगछिया में राजस्थान के व्यापारी के साथ घटित घटना और कांग्रेस प्रत्याशी के पेट्रोल पंप के कर्मचारी के साथ 12.50 लाख लूट की घटना में अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मोदी ने कहा कि लालू के साथ जब कांग्रेस सत्ता में थी तब खुद सदानंद बाबू के पोते का अपहरण हुआ था और उन्हें भी फिरौती देनी पड़ी थी। अभी भी पिछले 15 महीने से कांग्रेस के समर्थन से सरकार चल रही है। नीतीश पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपने स्वाभिमान को गिरवी रखकर कुर्सी बचाने में लगे हैं। सत्ता के लिए लालू से चिरौरी कर रहे हैं। लालू कहते हैं कि नीतीश पैर पर गिर गए, इसलिए गोद और कंधे पर बिठा लिया। मोदी ने कहा कि अब भागलपुर के लोगों को तय करना है कि उन्हें 15 साल पुरानी सत्ता चाहिए या भाजपा। जनता ने चौबेजी को पांच साल दिया है। अभी बचा हुआ एक साल भाजपा का ही है। नभय को उन्होंने पार्टी का कार्यकर्ता बताया। कहा कि शरीफ चाहिए या दबंग। दावा किया कि अब तो डीएम-एसपी का ट्रांसफर लालू तय कर रहे हैं। लोकसभा में नीतीश को मजदूरी नहीं मिली तो वे लाठी लेकर आ गए हैं। प्रेस वार्ता में सांसद अश्विनी कुमार चौबे, राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन, प्रत्याशी नभय कुमार चौधरी, विधायक अरुण सिन्हा, अमन कुमार थे।