बैजानी पुल धंसा, भागलपुर-दुमका मार्ग बंद
जागरण संवाददाता, भागलपुर : भागलपुर-दुमका पथ पर स्थित बैजानी पुल (एसएच-19) शनिवार आधी रात को धंस गया। इसकी वजह से भागलपुर-दुमका मार्ग पूर्णत: बंद हो गया है। रात आठ बजे के बाद सभी प्रकार के वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगा दी गई है। इस पुल के ध्वस्त होने से भागलपुर टापू में तब्दील हो गया है।
सुबह आठ बजे पड़ी नजर
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह आठ बजे ग्रामीणों की नजर धंसे पुल पर पड़ी। जिसके बाद अमरनाथ पांडेय, रोशन दुबे, बबलू पांडेय, फुच्ची पांडेय आदि ग्रामीणों ने पत्थर-बोल्डर डालकर पुल पर वाहनों का परिचालन बंद कर दिया। इसकी सूचना जगदीशपुर थानाध्यक्ष संजय विश्वास को दी गई। उन्होंने आला अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।
बाल-बाल बची कालिका बस
इससे पूर्व सुबह पौने सात बजे के करीब तेज गति से भागलपुर से दुमका जा रही कालिका बस पुल घंसान के कारण असंतुलित हो गई। हालांकि चालक की सूझ-बूझ के कारण वह हादसे का शिकार होने से बच गयी।
शाम को पहुंचे अधिकारी
शाम पांच बजे एसडीओ सुनील कुमार, नगर एएसपी वीणा कुमारी, जगदीशपुर अंचलाधिकारी नवीन भूषण तथा पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता शैलेंद्र कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
शनिवार रात टूटे दो गार्डर
वाहनों के दवाब के कारण 100 वर्ष से भी अधिक पुराने पुल के दो गार्डर टूटकर धंस गए। जिसके बाद तत्काल बड़े व मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक लगा दी गई। पर छोटे चारपहिया व दोपहिया वाहनों का परिचालन जारी रहा। इसकी वजह से धीरे-धीरे पुल का दरार बढ़ता जा रहा था। यह देख प्रशासन ने रात आठ बजे से दोपहिया वाहनों के परिचालन पर भी रोक लगा दी। इसके लिए पुल के दोनों छोर पर बांस का बेरियर लगा दिया गया है। सुरक्षा बलों को भी प्रतिनियुक्त कर दिया गया है।
लोहे का बेरियर लगाने की योजना
प्रशासन की योजना चंपा पुल की तरह ही लोहे का बेरियर लगाने की है। बैजानी पुल पर वाहनों के परिचालन बंद होने से भागलपुर का झारखंड से संपर्क टूट गया है।
-----------------
कोट :-
जगदीशपुर पथ में बैजानी के पास पुल धंस गया है। इसकी मरम्मत शुरू करवा दी गई है। एसडीओ सदर, सीओ सहित विभाग के अभियंता कैम्प कर रहे हैं। वाहनों के सुचारू संचालन का इंतजाम करने को कहा गया है। कल से मरम्मत कार्य में और तेजी आएगी।
- डॉ. वीरेंद्र प्रसाद यादव, जिला पदाधिकारी, भागलपुर