Move to Jagran APP

देश एक व्यक्ति से नहीं चलता : नीतीश

By Edited By: Published: Thu, 24 Apr 2014 08:17 PM (IST)Updated: Thu, 24 Apr 2014 08:17 PM (IST)
देश एक व्यक्ति से नहीं चलता : नीतीश

भागलपुर : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को यूपीए और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दोनों दल देश को गुमराह कर रहे हैं। दोनों ही मुद्दा विहीन हैं। मुख्यमंत्री ने राजद को भी नहीं छोड़ा। बोले, बिहार में राजद का भाजपा से गुप्त समझौता है। भाजपा से गठबंधन तोड़े जाने के सवाल पर नीतीश बोले, भाजपा के साथ सिद्धांत के आधार पर समझौता हुआ था। जब भाजपा अपने सिद्धांत से मुकर गई और विवादित व्यक्ति कोसामने लाई तो मजबूरी में गठबंधन तोड़ना पड़ा। देश आपसी सद्भाव से चलता है न कि सैन्य ताकत से। कोई भी देश किसी एक व्यक्ति से नहीं चल सकता है। लोजपा पर निशाना साधकर बोले, रामविलास पासवान जैसा पलटीमार नेता कोई नहीं है। वे तो मंत्री रहते हुए अपने गृह क्षेत्र में भी विकास का कोई कार्य नहीं करा सके। नीतीश मधेपुर के आलमनगर में पानी टंकी मैदान में जदयू प्रत्याशी शरद यादव व खगड़िया के चौथम प्रखंड के पिपरा हाईस्कूल के बगल में जदयू-भाकपा समर्थित प्रत्याशी दिनेश चंद्र यादव के पक्ष में चुनावी सभाओं को संबोधित कर रहे थे। नीतीश ने खगड़िया में भाजपा समर्थित लोजपा प्रत्याशी पर कटाक्ष किया। बोले, राजा अब राजघराने में पैदा नहीं होते। अब जनता जिसे चुनकर भेजती है वही क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करता है। नीतीश ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी के लिए दोषी यूपीए सरकार के पास जनता को देने के लिए कोई जवाब नहीं सूझ रहा है। जब देश में महंगाई चरम पर थी तो उनके दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद यादव ने गैर कांग्रेसी और गैर भाजपाई दलों को एकत्रित कर आंदोलन खड़ा किया। पूरे भारत में बंद सफल रहा था। गुजरात के संबंध में मुख्यमंत्री ने कहा कि जो राज्य पूर्व से विकसित है उसके बारे में क्या चर्चा करना। यदि गुजरात की चर्चा की जाए तो वहां 70 प्रतिशत बच्चे आज भी शिक्षा ग्रहण नहीं कर पाते। केरल से प्रकाशित एक अंग्रेजी पत्रिका में प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुजरात में आज भी बेरोजगारी है। मधेपुर में सभा को मंत्री नरेंद्र नारायण यादव ने भी संबोधित किया। जबकि खगड़िया में कार्यक्रम की अध्यक्षता सीपीआइ के जिला मंत्री प्रभाकर प्रसाद सिंह ने की। मंच संचालन जिप उपाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। सभा को प्रत्याशी दिनेश चंद्र यादव, शिक्षा मंत्री पीके शाही, विधायक पन्ना लाल सिंह पटेल ने भी संबोधित किया।

loksabha election banner

Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.