पाक महिला हफसा उस्मानी पर खुफिया नजर
जागरण संवाददाता, भागलपुर : पाकिस्तानी पासपोर्ट और वीजा पर अपने भाई उमर के साथ भागलपुर आई पाक महिला हफसा उस्मानी वीजा में दर्शाए स्थान से लापता हो चुकी है। पाक नागरिक के इस संदिग्ध आचरण को जिले के एक आला पुलिस अधिकारी ने गंभीरता से लेते हुए उसकी खोजबीन शुरू कर दी है। हफसा की निगरानी के लिए स्पेशल ब्रांच को लगाया गया है। वीजा अवधि के दौरान जमगांव गांव में उसके प्रवास अवधि की भी विधिवत जानकारी इकट्ठा करने को कहा गया है।
भाई उमर के खुलासे से सकते में पुलिस
पाक महिला हफसा की संदिग्ध गतिविधियों के संबंध में उसके भाई उमर ने जिलाधिकारी प्रेम सिंह मीणा और वरीय वरीय पुलिस अधीक्षक को भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी है। उमर ने कहा है कि वह बादशाह व राजा नामक शख्स के संपर्क में थी। वे उसके पासपोर्ट समेत अन्य तमाम पाकिस्तानी दस्तावेज लेकर लापता है।
खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिले के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के जमगांव में अपनी भारतीय मूल की मां इसरत उस्मानी के पास पाकिस्तानी पासपोर्ट और वीजा पर भाई के साथ आई थी।
क्या कहता है कानून
वीजा नियमों के अनुसार वीजा में दर्शाए पते पर ही पासपोर्ट धारक रह सकता है। उसके आगमन के दौरान ही पुलिस अधीक्षक स्थित विदेशी शाखा को विधिवत जानकारी देनी होती है। यही नहीं, प्रस्थान करने के पूर्व भी सूचना देनी होती है। उक्त सूचना के बाद जिस स्थान पर उसका प्रवास होगा, उस इलाके में मौजूद थाने को उसके प्रवास की जानकारी हुआ करती है।
उल्लेखनीय है कि 2004 में भागलपुर आया पाक नागरिक मुहम्मद अमीनुद्दीन भी यहां आने के बाद भूमिगत हो गया। वह कजरैली थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव से भूमिगत हुआ था। उसके गौराडीह थाना क्षेत्र के चकदरिया और गरहोतिया गांव में होने की बात बीच-बीच में आती रही। उसके खिलाफ विदेशी अधिनियम के तहत तमाम तरह की कागजी कार्रवाई हुई लेकिन उसका अबतक पता नहीं चल पाया है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर