बदले की भावना से लालू के ठिकानों पर छापेमारी करवा रही है केंद्र : श्रीनारायण यादव
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के 22 ठिकानों पर चल रही आय से अधिक संपत्ति मामला ।
बेगूसराय। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के 22 ठिकानों पर चल रही आय से अधिक संपत्ति मामले में आइटी की छापेमारी से प्रखंड के राजद कार्यकर्ताओं एवं नेताओं में आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय विधायक सह विधान सभा प्राक्कलन समिति के सभापति श्रीनारायण यादव ने इसे केंद्र की भाजपा सरकार की बौखलाहट एवं बदले की नीति बताया।
उन्होंने कहा, वर्षों पूर्व ही भाजपा द्वारा राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप लगाया गया था। जिसे सुनवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय ने राजद अध्यक्ष को क्लीन चिट दे दी थी। हाल ही में लालू प्रसाद ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान भाजपा के खिलाफ सभी दल को एकजुट करने की घोषणा की थी। जिससे घबराकर भाजपा नेतृत्व बदले की भावना से उक्त छापेमारी करवा रही है। जिसे आम जनता बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं, भुजंगी उषा इंटर महाविद्यालय के प्राचार्य सतानंद संबुद्ध ने कहा, राजद के बढ़ते जन समर्थन से भाजपा घबड़ा गई है। उक्त कारनामा घबराहट का ही परिणाम है। इससे भाजपा कुछ भी साबित नहीं कर पाएगी। राजद का कद छोटा करने का प्रयास उल्टा साबित होगा। चुनाव में जनता भाजपा को हाशिए पर डालेगी।