एक महीने में दो मुखिया के देवर की हुई हत्या
अप्रैल का माह जिले के मुखिया के परिजन के लिए सही माह नहीं रहा।
बेगूसराय । अप्रैल का माह जिले के मुखिया के परिजन के लिए सही माह नहीं रहा। इस माह जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों के पंचायत की मुखिया के देवर की हत्या कर दी गई। इसके अलावा इस माह अब तक छह लोगों की हत्या हो चुकी है जबकि 13 लोग गोलीबारी में जख्मी हुए हैं। इनमें कई लोग अब भी अस्पताल में जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। पुलिस गोलीबारी पर रोक लगाने में लगातार विफल साबित हो रही है। इस माह लगातार दो मुखिया के देवर पर की हुई हत्या से मुखिया व अन्य जनप्रतिनिधियों में भी दहशत का माहौल व्याप्त है। मुखिया संघ के सदस्य एसपी से इस ओर कार्रवाई करने की मांग कर रहे हैं।
केस 1 : बछवाड़ा थाना क्षेत्र के रूदौली पंचायत की मुखिया के देवर विजय ईश्वर को बदमाशों ने तीन अप्रैल को गोली मारकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। जिनकी 22 अप्रैल को इलाज के क्रम में मौत हो गई। इसी घटना में उपमुखिया हरेराम ईश्वर भी जख्मी हो गए। दोनों एक ही बाइक पर सवार होकर बछवाड़ा आ रहे थे। इसीक्रम में भरौल बहियार के पास बेखौफ बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी थी। इस घटना विजय ईश्वर गंभीर रूप से जख्मी हो गए जबकि उपमुखिया हरेराम ईश्वर आंशिक रूप से जख्मी हो गए। इस मामले में अभी भी सभी आरोपित फरार हैं।
केस 2 : 30 अप्रैल को परिहारा सहायक थाना क्षेत्र के खगड़िया-बखरी पथ पर सांखू गांव के पास परिहारा पंचायत की मुखिया के देवर समीर कुमार देव को गोलियों से भून डाला। इससे उनकी मौत घटनास्थल पर ही हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस मामले में भी पुलिस को कोई बड़ी सफलता हासिल हाथ नहीं लगी है।
कहते हैं अधिकारी
दोनों मामले की जांच की जा रही है। हत्या में शामिल सभी बदमाशों को शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जीत कुमार मिश्रा ,पुलिस अधीक्षक