जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से जनजीवन अस्तव्यस्त
बेगूसराय : तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत पूरे दियारा क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से पूर
बेगूसराय : तेघड़ा प्रखंड अंतर्गत पूरे दियारा क्षेत्र में गंगा के जलस्तर में अप्रत्याशित वृद्धि से पूरा जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। इसमें मधुरापुर पुरबारी टोला, बारो, अमरपुर, जयनगर, निपनियां, बरौनी दो पंचायत, चकउधो, विनलपुर, भगवानपुर चक्की आदि गांवों में बसे लगभग 50 हजार की आबादी गंगा बाढ़ की चपेट में फंसे हुए हैं। यहां के लोगों को अपने घरों से निकलना भी दूभर हो गया है। खाना बनाने के लिए कोई जगह नहीं बची है।
उक्त क्षेत्र के किसान अपने मवेशियों को लेकर उंचे स्थान के लिए धीरे-धीरे पलायन कर रहे हैं।
वहीं अचानक गुप्ता बांध में रिसाव आने की खबर से लोगों में अफरातफरी मच गई। हालांकि ग्रामीणों द्वारा जल्द ही रिसाव को बंद कर दिया गया। जानकारी मिलते ही तेघड़ा बीडीओ भरत कुमार, सीओ एवं नगर पंचायत तेघड़ा के कार्यपालक पदाधिकारी देवानंद ने रिसाव स्थल का निरीक्षण किया तथा बाढ़ पीड़ितों के लिए कार्यपालक पदाधिकारी के द्वारा दो चलंत शौचालय की अविलंब व्यवस्था की गई।