स्वतंत्रता सेनानी के निधन पर दी श्रद्धांजलि
बरौनी गढ़हरा निवासी स्वतंत्रता सेनानी केशव भाई मिश्र के निधन पर साहित्यकार कला कौशल ने श्रद्धांजलि अर्पित की है।
बेगूसराय : बरौनी गढ़हरा निवासी स्वतंत्रता सेनानी केशव भाई मिश्र के निधन पर साहित्यकार कला कौशल ने श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा है कि वे 1942 के आंदोलन में जेल गए थे तथा देश की आजादी के बाद देश व समाज की सूरत बदलने के लिए लगातार कार्य करते रहे। कहा है कि इसके लिए उन्होंने गांधीवादी रास्ते अख्तियार किए। जानकारी दी है कि विनोबा भावे के नेतृत्व में उन्होंने पुस्तकालय, खादी ग्राम उद्योग व भूदान यज्ञ आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उन्हें जयप्रकाश नारायण एवं आचार्य राममूर्ति के साथ भी कार्य करने का मौका मिला था। कला कौशल के अनुसार गढ़हरा के होने के बाद भी उन्होंने मगध को अपना कार्यक्षेत्र बनाया था और विश्वनाथ प्रताप ¨सह के समय में उन्हें जनता दल से जहानाबाद विधानसभा से चुनाव भी लड़ाया गया था। कहा है कि वे एक रचनाकार भी थे और गढ़हरा दर्पण नामक किताब भी लिखी थी। कहा कि उनके रास्ते चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।