नामांकन से वंचित छात्रों ने किया एनएच 31 जाम
बेगूसराय। बलिया थाना क्षेत्र के पंचा देवी श्यामाकांत इंटर महाविद्यालय सदानंदपुर में पहले छात्रों ने
बेगूसराय। बलिया थाना क्षेत्र के पंचा देवी श्यामाकांत इंटर महाविद्यालय सदानंदपुर में पहले छात्रों ने इंटर में नामांकन को लेकर हंगामा किया। स्थिति भयावह देख महाविद्यालय कर्मी अपना ग्रिल बंद कर दिया। क्योंकि शिक्षक-शिक्षकेतर कर्मी भूख हड़ताल पर थे। बावजूद हल्ला हंगामा को देख प्रशासन को सूचना दी गयी। तब तक भीड़ सदानंदपुर ढाला के पास एनएच 31 को जाम कर दिया। जिससे यातायात पूर्णत: ठप हो गया। एनएच 31 पर जाम लगने से अवध तिरहुत पथ बड़ी बलिया, उच्च विद्यालय सदानंदपुर के नजदीक लखमिनियां गुप्ता बांध स्थित सड़क को भी जाम कर दिया। जिससे यातायात पूर्णत: ठप हो गया। एनएच 31 जाम होने से यात्री वाहन, ट्रक के अलावा यात्री वाहन, एंबुलेंस एवं बक्सर के डीडीसी भी जाम में फंसे रहे। सड़क जाम की सूचना मिलते ही सीओ विभा रानी, बीडीओ मनोज पासवान, इंस्पेक्टर सह थानाध्यक्ष मो. इस्लाम पुलिस बल के साथ पहुंचकर महाविद्यालय के प्राचार्य डा. रामनंदन सिंह से बातचीत की। प्राचार्य ने बताया कि हमारे विद्यालय में तीनों संकाय में कुल 1152 सीट इंटरमीडिएट में है। जबकि कुल 3375 छात्र मैट्रिक पास किए हैं। ऐसी स्थिति में सभी छात्रों का नामांकन कैसे होगा। इसके बाद सभी अधिकारी एनएच 31 पहुंच कर जाम हटवाने का प्रयास किया। लेकिन छात्र और उग्र हो गये। स्थिति को देखते हुए जिला से बज्रवाहन, लाखो थानाध्यक्ष, साहेबपुर कमाल थानाध्यक्ष मनोज कुमार महतो, डंडारी थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार सिंह, बेगूसराय, खगड़िया की पुलिस बल पहुंची। बावजूद छात्र मानने को तैयार नहीं थे। बाद में जब एसडीओ मुकेश पांडेय, एएसपी कुमार आशीष, पुलिस बल के साथ पहुंचे तो सभी छात्र भाग खडे़ हुए। इधर बीडीओ मनोज कुमार ने कहा कि चिन्हित कर शरारती तत्वों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।