गंगा नदी पर शीघ्र होगा महासेतु का निर्माण
संवाद सहयोगी, बेगूसराय : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बिहार के लिए विशेष राज्य की मांग सिर्फ जनता
संवाद सहयोगी, बेगूसराय : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा बिहार के लिए विशेष राज्य की मांग सिर्फ जनता के बीच जाने भर का मुद्दा मात्र है। जबकि केंद्र सरकार ने बिहार के विकास योजना मद में तीन लाख 81 हजार करोड़ रुपये का आवंटन दिया है जो विगत योजना मद का 32 फीसदी से बढ़कर 42 फीसदी हो गयी है। यह बातें स्वच्छता एवं पेयजल मंत्रालय भारत सरकार के केंद्रीय राज्यमंत्री रामकृपाल यादव ने खगड़िया जाने के दौरान बुधवार को ट्रैफिक चौक स्थित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत कही। कहा, केंद्र सरकार ने बेगूसराय के लिए तोहफे की बरसात की है। इसके तहत सिमरिया गंगा नदी पर वैकल्पिक महासेतु का निर्माण होना है। इसके लिए टेंडर भी निकल चुका है। कहा, जल्द ही बरौनी फर्टिलाइजर का पुनर्निर्माण कार्य भी प्रारंभ हो जाएगा। जिससे बेगूसराय के विकास कार्य को गति मिलेगी। कहा, स्थानीय सांसद डा. भोला बाबू सदन में समस्याओं को बराबर उठाते रहते हैं। लेकिन जब तक राज्य से नीतीश सरकार को उखाड़ नहीं फेंका जाएगा तब तक विकास भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती रहेगी। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव का कोई अस्तित्व नहीं रहा है।
इस अवसर पर भाजपा महामंत्री पवन सिंह, सहकारिता मंच के प्रदेश महामंत्री नवीन कुमार, उपाध्यक्ष विपिन सिंह, नगर मंडल अध्यक्ष राजेश सोनी, मीडिया प्रभारी मृत्युंजय कुमार वीरेश, सामाजिक कार्यकर्ता इफ्तुर रहमान, जयराम दास, कुंदन भारती, प्रफुल्ल कुमार आदि मौजूद थे।