.. और बच गया सात वर्षीय मौसिन
संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय): छौड़ाही के रमजानपुर टोला अमारी में मातम पसरा हुआ है। मालूम हो कि गु
संवाद सहयोगी, छौड़ाही (बेगूसराय): छौड़ाही के रमजानपुर टोला अमारी में मातम पसरा हुआ है। मालूम हो कि गुरुवार की देर रात्रि मो. रिजवान के अर्द्ध निर्मित मकान में अचानक आग लगने से उनकी 13 वर्षीय पुत्री शहाना खातून की जहां मौत हो गई, वहीं पत्नी रुबैदा खातून व विवाहिता पुत्री नाजिया खातून गंभीर रूप से जख्मी हो गई। जबकि सात वर्षीय पुत्र मौसिन का बाल भी बांका नहीं हुआ। हालांकि, आग कैसे लगी यह रहस्य अभी बरकरार है।
छौड़ाही ओपी प्रभारी ने घटना स्थल का जायजा लेने बाद बताया कि मो. रिजवान दिल्ली में मजदूरी करता है जबकि उनकी एक पुत्री की मौत झुलस कर हो गई है और पत्नी व एक अन्य पुत्री गंभीर रूप से जख्मी है। दोनों के होश में आने बाद ही कुछ कहा जा सकता है।
कैसे लगी आग
मो. रिजवान के घर में आखिर आग लगी कैसे, यह किसी को पता नहीं है। मौजूद पड़ोसियों का कहना था कि मध्य रात्रि में कई घरों में धुआं भर गया था। जब सब जुटे तो देखा कि मो. रिजवान के घर से धुआं उठ रहा है। लेकिन कोई हलचल नहीं था। कुछ देर बाद आग की लपटें निकलने लगी। तब ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। वहीं सही सलामत बचे मौसिन ने बताया कि हमरा कुछौ मालूम नै छै।
उमड़े लोग
घटना की खबर पर रमजानपुर में हजारों की भीड़ जमा हो गई। सब घटना के कारणों को जानना चाह रहे थे। वहीं सीपीआई के अंचल मंत्री गुणेश्वर सहनी, समाजसेवी राजनारायण चौधरी, मुखिया अनवरी खातून, राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. रईश आलम ने घटना स्थल का दौरा कर पीड़ित परिवार को दो लाख रुपये मुआवजा एवं इंदिरा आवास का लाभ देने की मांग प्रशासन से की है।