Move to Jagran APP

अब तक शुरू नहीं हो सका है धान क्रय कार्य

जागरण संवाददाता, बेगूसराय : जिला में किसानों के धान की फसल तैयार हो गई है। जिसकी बिक्री की तैयारी

By Edited By: Published: Fri, 12 Dec 2014 07:41 PM (IST)Updated: Fri, 12 Dec 2014 07:41 PM (IST)
अब तक शुरू नहीं हो सका है धान क्रय कार्य

जागरण संवाददाता, बेगूसराय :

loksabha election banner

जिला में किसानों के धान की फसल तैयार हो गई है। जिसकी बिक्री की तैयारी भी किसानों ने शुरू कर दी है। किसानों के इस उत्पाद का सरकारी स्तर पर क्रय करने का प्रावधान भी किया गया है। इसको ले सरकार व जिला प्रशासन द्वारा निर्देश भी जारी किए गए हैं। परंतु सरकार व जिला प्रशासन द्वारा धान अधिप्राप्ति को ले जारी निर्देश का अनुपालन अब तक नहीं हो सका है। विभागीय सूत्रों की मानें तो जिला के एक मात्र प्रखंड खोदाबंदपुर में अब तक धान क्रय केंद्र की व्यवस्था की गई है। शेष प्रखंडों में फिलहाल क्रय केंद्र हेतु कोई व्यवस्थित जगह भी नजर नहीं आया है। जबकि धान क्रय की व्यवस्था को ले डीएम सीमा त्रिपाठी द्वारा संबंधित अधिकारियों को 1 दिसम्बर को ही विस्तृत निर्देश जारी किया जा चुका है।

नोडल एजेंसी : डीएम द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक जिला में धान का क्रय राज्य खाद्य निगम एवं पैक्सों के माध्यम से किया जाएगा। डीएम ने राज्य खाद्य निगम को प्रत्येक प्रखंड में धान क्रय केंद्र खोलने का निर्देश दिया है, जहां पैक्स में धान जमा नहीं कर सकने वाले किसान सीधे तौर पर प्रखंड स्तरीय क्रय केंद्रों पर अपना धान विक्रय कर सकेंगे। धान व चावल क्रय को ले राज्य खाद्य निगम को नोडल एजेंसी बनाया गया है।

लक्ष्य : पूर्व वर्ष की तरह वर्ष 2014-15 के लिए भी जिला में धान अधिप्राप्ति का लक्ष्य 20 हजार मैट्रिक टन रखा गया है। इसमें से 04 हजार मैट्रिक टन खरीद का लक्ष्य राज्य खाद्य निगम एवं 1 हजार 6 सौ मैट्रिक टन का लक्ष्य पैक्सों के लिए निर्धारित किया गया है।

समयावधि : विभाग द्वारा धान खरीद हेतु 15 नवंबर 2014 से 15 अप्रैल 2014 तथा चावल प्राप्ति हेतु 30 सितंबर 2015 तक की समय सीमा निर्धारित की गई है।

समर्थन मूल्य : भारत सरकार द्वारा निर्धारित समर्थन मूल्य के मुताबिक साधारण धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 1360 रूपए तथा ग्रेड एक धान के लिए 1400 रूपए निर्धारित है। वहीं राज्य सरकार द्वारा 3 सौ रूपए प्रति क्विंटल अतिरिक्त मूल्य देने की घोषणा की गई है। जिसका उल्लेख फिलहाल जारी निर्देश में नहीं किया जा सका है।

क्रय केंद्र पर होने वाली व्यवस्था :जारी निर्देश में धान क्रय केंद्रों पर पर्याप्त भंडारण एवं आसपास खुले स्थान की व्यवस्था, माप तौल यंत्र, आ‌र्द्रता मापी यंत्र, रोशनी, कुशल एवं योग्य कर्मी, पर्याप्त सुरक्षा, पंजियों का संधारण, प्राप्त धान को बेस गोदाम व धान मिल तक पहुंचाने हेतु परिवहन, नियमित प्रतिवेदन आदि की व्यवस्था करने को कहा गया है। क्रय केंद्र व न्यूनतम समर्थन मूल्य को ले प्रचार-प्रसार की व्यवस्था के निर्देश भी डीएम ने दिए हैं।

भुगतान : योग्य व सही किसानों से किए गए धान अधिप्राप्ति के विरूद्ध किसानों को एकाउंटपेयी चेक भुगतान करने का निर्देश दिया गया है। इसके अलावा पूरे मामले के मानीटरिंग आदि के निर्देश भी दिए गए हैं। हालांकि इतने निर्देश के बावजूद अब तक जिला में धान अधिप्राप्ति कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।

बोले जिला कृषि पदाधिकारी महेश प्रसाद सिंह : फिलहाल एक प्रखंड खोदाबंदपुर में धान क्रय की पूरी व्यवस्था हो चुकी है। अन्य प्रखंडों में भी व्यवस्था की जा रही है।

बोले, जिला सहकारिता पदाधिकारी संजीव कुमार : पैक्सों के माध्यम से 16 हजार मैट्रिक टन धान क्रय किया जाना है। शीघ्र ही अधिप्राप्ति कार्य शुरू हो जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.