आयुक्त ने की समीक्षा, दिए निर्देश
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला के अधिकार
जागरण संवाददाता, बेगूसराय :
मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त सुनील कुमार सिंह ने मंगलवार को जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की। समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में आहूत बैठक में उन्होंने जिला में राजस्व, अपराध आदि की स्थिति की समीक्षा की। समीक्षोपरान्त विभागीय अधिकारियों को विभिन्न मामलों में संतोषजनक प्रगति लाने के निर्देश दिए। विभिन्न विभागों के लिए निर्धारित राजस्व वसूली के लक्ष्य हासिल करने के निर्देश भी आयुक्त ने अधिकारियों को दिए। अपराध नियंत्रण को ले हरसंभव कार्य करने का निर्देश उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिया। मौके पर डीएम सीमा त्रिपाठी, एडीएम एनके झा, डीडीसी डा. कौशल किशोर सहित अन्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न प्रखंडों के सीओ आदि मौजूद थे।
इनसेट
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
जागरण संवाददाता, बेगूसराय :
निर्वाचन आयोग द्वारा जारी आदेश के आलोक में चलाए जा रहे मतदाता पुनरीक्षण कार्य को ले मंगलवार के मुंगेर के प्रमंडलीय आयुक्त सुनील कुमार सिंह ने जिला के राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने विभिन्न स्तरों पर चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न स्तरों मतदाता सूची में नाम दर्ज करने, आपत्ति देने, मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन आदि को ले आयोग द्वारा निर्धारित समय सीमा की जानकारी उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी। आयुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस कार्य में विशेष रूप से सहयोग करने की अपील भी की। इस अवसर पर डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी सीमा त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी व राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद थे।