प्रथम पेज: विकास की बड़ी लाइन खींचेंगे : सीएम
-श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह ने बोले मुख्यमंत्री -मंच से किए गए सवालों पर बिफरे, कहा-इसे राजनी
-श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह ने बोले मुख्यमंत्री
-मंच से किए गए सवालों पर बिफरे, कहा-इसे राजनीतिक मंच बना दिया
यहां हम नीतीश और भाजपा के विकास की चर्चा नहीं करना चाहते हैं, बल्कि किसी छोटी लाइन के बगल में बड़ी लाइन खींचने के काम में विश्वास रखते हैं।
-जीतन राम मांझी, मुख्यमंत्री
श्रीकृष्ण मिश्र, बेगूसराय : श्रीबाबू जाति व धर्म से ऊपर के व्यक्ति थे। महात्मा गांधी के बाद देश में सबसे बड़ा व्यक्तित्व श्रीबाबू का ही रहा है। उन्होंने बिहार में विकास की मजबूत नींव डाली थी और उसका परिणाम आज भी हमारे सामने है। मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी गढ़पुरा में डा.श्रीकृष्ण सिंह जयंती समारोह को संबोधित करते हुए उक्त बातें कहीं। इस दौरान मंच से लंबित विकास कार्यो को पूरा करने की स्थानीय सांसद व विधायकों की मांग पर उन्होंने कहा कि यहां हम नीतीश और भाजपा के विकास की चर्चा नहीं करना चाहते। हम छोटी लाइन के बगल में बड़ी लाइन खींचने में विश्वास रखते हैं।
स्थानीय सांसद डा. भोला सिंह के उठाए गए सवाल के जबाव में उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जो घोषणाएं की है, उसे पूरा करने का कार्य किया जाएगा। हम आज यहां श्रीबाबू की जयंती मनाने आए थे। पर, कुछ लोगों ने इसे राजनीतिक मंच बना दिया। जिसके कारण बहुत कुछ कहने का इरादा समाप्त हो गया। बोले, 'आए थे हरिभजन को ओटन लगे कपास।'
इस बीच मांझी ने श्रीबाबू के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनके द्वारा डाले गए विकास की नींव इतनी मजबूत है कि हम उस नींव पर बने भवन को गिराते जा रहे हैं, तब भी बहुत कुछ बचा हुआ है। महिलाओं के सम्मान की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा जब देश में महिलाओं की पूजा होती थी, तब देश का अपना सम्मान था। परंतु, आज महिलाओं व लड़कियों के साथ छेड़खानी हो रही है। बेटियों को इज्जत देना सीखें। अन्यथा मनुष्य के रूप में आप राक्षस कहलाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा समाज में महिलाओं का सम्मान ही श्रीबाबू के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
बेगूसराय में मेडिकल कालेज बनाने की मांग पर उन्होंने कहा पूर्व चिन्हित स्थल पर यदि भूमि विवाद नहीं हो तो काम को आगे बढ़ाया जा सकता है। वहीं इंजीनियरिंग कालेज निर्माण की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि इसके लिए दूसरी बार टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। गढ़पुरा में विद्युत सब स्टेशन व अनुमंडल स्तर पर डिग्री कालेज खोलने की बात भी उन्होंने कही। प्रखंड कार्यालय के लिए भूमि उपलब्ध कराने पर 12 करोड़ रुपये आवंटन करने की बात भी मुख्यमंत्री ने कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएचइडी मंत्री डा. महाचंद्र प्रसाद सिंह व धन्यवाद ज्ञापन डीएम सीमा त्रिपाठी ने किया।