बेगू: प्रथम पेज: जब हत्थे से उखड़ गए मुख्यमंत्री
जागरण संवाददाता, बेगूसराय: बिहार केसरी डा.श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में बुधवार को गढ़पूरा के नम
जागरण संवाददाता, बेगूसराय: बिहार केसरी डा.श्रीकृष्ण सिंह की जयंती समारोह में बुधवार को गढ़पूरा के नमक सत्याग्रह स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी उस समय बिफर पड़े जब राजद प्रदेश महासचिव उर्मिला ठाकुर मंच से प्रखंड की समस्याओं को सिलसिलेवार उठाना शुरू किया। इस दौरान मुख्यमंत्री कुर्सी छोड़ खड़े हो गए और माइक स्टैंड के पास पहुंच राजद नेत्री को बोलने से मना कर दिया। इससे मंच पर कुछ देर के लिए अफरातफरी रही।
इसके बाद बेगूसराय सांसद डा. भोला सिंह जनता को संबोधित करने उठे और भाषण के दौरान जिले की समस्याओं को रखते हुए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधना शुरू किया। इस पर जदयू नेता व विधान पार्षद रूदल राय ने 'टोका-टाकी' की। इसके बाद सांसद हत्थे से उखड़ गए और विधान पार्षद को खूब खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने विधान पार्षद को 'तमीज' सीखने की नसीहत दी। साथ ही मुख्यमंत्री से कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा घोषित योजनाओं को पूरा कराएं।
खैर, सांसद व लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण संगठन मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह के भाषण बाद मुख्यमंत्री ने माइक संभाला और कहा कि श्रीबाबू की कर्मभूमि गढ़पुरा आने से पहले बहुत कुछ सोचा था, पर इस मंच पर आकर उदास हूं। इस मंच को लोगो ने राजनीतिक मंच बना दिया गया। बोले, बिहार केसरी डा.श्रीकृष्ण सिंह जाति-धर्म से ऊपर के लोग थे। उन्होंने बिहार के विकास की मजबूत नींव रखी। श्रीबाबू ने ही देवघर मंदिर में महादलितों का प्रवेश सुनिश्चित कराया।
श्री मांझी ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आस्था व्यक्त किया और कहा आगामी विधानसभा चुनाव में अगर बहुमत मिलता है, तो मैं मुख्यमंत्री के लिए नीतीश कुमार का नाम प्रस्तावित करुंगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह ने की। धन्यवाद ज्ञापन डीएम सीमा त्रिपाठी ने किया।