तीन दिनों बाद नाजिया पहुंचीं विद्यालय
जेएनएन, बेगूसराय : पति की प्रताड़ना का शिकार नाजिया खातून रविवार को विद्यालय पहुंचीं। मालूम हो कि नाजिया उर्दू उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिउरी, मंझौल में शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। बीते तीन दिनों से वह अवकाश पर थीं और रविवार को विद्यालय पहुंच उसने क्लास ली।
उर्दू उत्क्रमित मध्य विद्यालय सिउरी के प्रभारी प्रधानाध्यापक मंजू कुमारी ने बताया कि नाजिया अपने छोटे बेटे अदनान अली के संग विद्यालय पहुंचीं। उनके साथ उनके जीजा भी थे।
बताते चलें कि नाजिया को उसके पति झारखंड पुलिस में कार्यरत मो. अली उमर खान ने 21 मार्च 2014 को तलाक दे दिया है। कारण बना नाजिया का शिक्षिका होना। बकौल नाजिया- मो. अली उमर खान कहते हैं कि इस्लाम में महिलाओं का नौकरी करना शरियत के खिलाफ है। वे 15 अगस्त को भी विद्यालय जाने से रोक रहे थे।
खैर, तलाक बाद नाजिया अपने ससुराल बथौली, बरौनी में ही बड़ी ननद के पास रह रही थीं। परंतु, ननद के यहां से भी वह प्रताड़ित होकर घर छोड़ने को मजबूर हुई और फिलहाल अपनी बहन के यहां खगड़िया में रह रही हैं।
नाजिया के विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक मंजू कुमारी ने बताया कि नाजिया सुबह 9.00 बजे से 4.30 बजे तक विद्यालय में रहीं और क्लास भी ली। इसके बाद वह खगड़िया चली गई। चेरिया बरियारपुर बीइओ राजकिशोर सिंह ने भी आज दो बजे विद्यालय पहुंच नाजिया से मामले की जानकारी ली। वे लगभग ढाई घंटे विद्यालय में रहे। नाजिया ने उनसे कहा कि मैं नौकरी करना चाहती हूं।
दूसरी ओर एसपी मनोज कुमार ने बताया कि नाजिया मामले में महिला थानाध्यक्ष को जांच का आदेश दिया गया है। वहीं महिला थानाध्यक्ष आरती जायसवाल ने बताया कि रविवार को नाजिया व मो. अली उमर खान को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। परंतु, दोनों में से कोई भी नहीं आए। थानाध्यक्ष ने कहा कि उन्हें ऐसी सूचना मिली है कि किसी मदरसे में दोनों परिवारों के लोग सुलह को एकत्रित हुए थे।
बोले, बीइओ राजकिशोर सिंह
'' विद्यालय पहुंच उन्होंने नाजिया से बातचीत की। यह पारिवारिक मामला है। नाजिया शिक्षिका की नौकरी करना चाहती हैं जबकि अली उमर खान इससे मना करते हैं।''