भूमि विवाद में मारपीट, आठ जख्मी
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : लाखो ओपी क्षेत्र के धबौली पंचायत के नवटोलिया गांव में रविवार को भूमि विवाद को लेकर हो रहे पंचायत के दौरान दो पक्षों में हुई मारपीट में आठ लोग जख्मी हो गए।
प्राप्त जानकारी अनुसार गांव के ही मो. अकबर व मो. रमजानी के बीच वर्षो से एक भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। जिसको लेकर थाना में प्राथमिकी भी करायी जा चुकी है। रविवार को उसी प्राथमिकी को उठाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पंचायत किया जा रहा था। इसी दौरान मो. रमजानी पक्ष के लोगों ने मो. अकबर के पक्ष के लोगों पर अचानक हमला बोल दिया। लाठी-डंडे व लोहे के सरिया के द्वारा की गयी मारपीट में उसी गांव के मो. मुजाहिर, मो. मंजूर आलम, मो. तनवीर, मो. अजमत, मो. अमानत, मो. साजो, सबाना खातून, मनिया खातून आदि घायल हो गए। घायलों को इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा गया है। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची लाखो ओपी की पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया। समाचार लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही थी।