जिले में है सर्वधर्म सम्भाव का वातावरण : डीएम
जागरण संवाददाता, बेगूसराय :
ईद को ले शनिवार को समाहरणालय स्थित कारगिल विजय भवन में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न हुई। जिसकी अध्यक्षता डीएम सीमा त्रिपाठी ने की। बैठक में डीएम ने कहा कि बेगूसराय जिला की स्थिति अन्य जिलों से अलग है। कहा कि यहां सर्वधर्म सम्भाव का वातावरण है। जिसके कारण कभी भी कोई ऐसी स्थिति पैदा नहीं हुई है, जो लोगों की धार्मिक व अन्य भावना को ठेस पहुंचाए। कहा कि यह अति सराहनीय बात है। डीएम श्रीमति त्रिपाठी ने हर हमेशा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि हम सामाजिक लोग हैं और समाज में हमारी अपनी भूमिका है। जिसका निर्बाध तरीके से हम सबको निर्वहन करते रहना चाहिए। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों द्वारा उठाए गए अन्य समस्याओं को ले डीएम ने स्पष्ट कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत से संभव है और इसका उपयोग निश्चित रुप से हमे करना चाहिए। लोगों की समस्याओं के समाधान में खुद की भूमिका बताते हुए डीएम ने कहा कि हम हमेशा इसके लिए तत्पर रहते हैं और हमारा कार्यालय व दरबार आम लोगों के लिए खुला रहता है। बैठक में उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति की बेहतरी व व प्रगति की राह पर आगे बढ़ते रहने के लिए स्व अनुशासन आवश्यक होता है। उन्होंने स्व अनुशासन में रहकर प्रगति के राह पर आगे बढ़ते रहने की अपील भी लोगों से की। मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष इंदिरा देवी, एसपी मनोज कुमार, महापौर संजय कुमार, सदर एसडीओ सत्यप्रकाश मिश्र, सदर डीएसपी राजकिशोर सिंह सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि व समिति के सदस्य भी उपस्थित थे।