मरीज की मौत पर आक्रोशितों ने काटा बबाल
संवाद सूत्र, बेगूसराय : नगर थाना क्षेत्र के शिवपुरी, पोखरिया मोहल्ले में डा. (कैप्टन) अरविंद सिन्हा के क्लिनिक पर बुधवार को एक मरीज की मौत बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा। इस दौरान रोड़ेबाजी भी की। जिस पर चिकित्सक ने आत्मरक्षार्थ लाइसेंसी बंदूक निकाली।
सूचना पाकर डीएसपी एवं नगर थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंचे और मामले को शांत कराया। पीड़ित परिवार की ओर से दिलीप पासवान का कहना हुआ कि 19 अप्रैल को पोखरिया निवासी दिलीप पासवान की 14 वर्षीय पुत्री नीतू कुमारी को डा. कैप्टन अरविंद सिन्हा के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया। इस दौरान तबियत काफी बिगड़ गई। परंतु, चिकित्सक द्वारा रेफर नहीं किया गया। कहा, चिकित्सक की लापरवाही से मरीज की बुधवार की सुबह मौत हो गई। सूत्रों के अनुसार इससे आक्रोशित परिजनों ने चिकित्सक के क्लिनिक पर जमकर हंगामा मचाया। तोड़फोड़ भी की।
इधर, डा. सिन्हा का कहना हुआ कि क्लीनिक पर रोड़ेबाजी एवं जानलेवा हमला की वजह से आत्मरक्षार्थ लाइसेंसी बंदूक निकाली। उन्होंने बताया कि, नीतू को गंभीर स्थिति में उनके क्लीनिक पर भर्ती कराया गया था। मरीज को टीबी की बीमारी थी और उसे खून की उल्टी हो रही थी।
वहीं सदर डीएसपी राजकिशोर सिंह ने चिकित्सक को हिरासत में ले लिया है। साथ ही बंदूक को भी जब्त कर ली है। बंदूक से फायरिंग नहीं हुई है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई कर रही है। नगर थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।