चुनाव के दिन नदी मार्ग पर रहेगी पुलिस की नजर
जागरण संवाददाता, बेगूसराय : लोकसभा चुनाव 2014 में शांतिपूर्ण व निष्पक्ष मतदान को लेकर जिला पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है। मतदान के दौरान शांति व्यवस्था में कोई चूक न हो, इसके लिए एसपी हरप्रीत कौर ने कई योजनाएं तैयार की हैं। एसपी की मानें तो जिला में सड़क मार्ग से लेकर जल मार्ग तक पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। एसपी ने बताया कि चूंकि बेगूसराय जिला मुख्यत: दो नदियों के बीच स्थित है। इसलिए नदी मार्ग पर ध्यान रखना विशेष जरूरी है। उन्होंने कहा कि साहेबपुर कमाल, शाम्हो, मटिहानी आदि प्रखंडों को जोड़ने वाली गंगा व बूढ़ी गंडक नदी में मोटरबोट से पेट्रोलिंग की खास व्यवस्था की गई है। कहा, मुख्यालय से उन्हें चार स्वचालित मोटरबोट पेट्रोलिंग के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं चार अन्य मोटरबोट को किराए पर पेट्रोलिंग हेतु लिया गया है। प्रत्येक मोटरबोट पर (चार- एक) एक पुलिस पदाधिकारी व चार पुलिस बल मौजूद रहेंगे। सभी मोटरबोट मतदान से पूर्व ही पेट्रोलिंग शुरू कर देगा।
एसपी ने बताया कि बेगूसराय के सीमावर्ती इलाकों से जुड़ने वाली लगभग 50 जगहों पर सीमा को सील किया जाएगा। फिलहाल उक्त जगहों पर चार- एक की संख्या में पुलिस बल की नियुक्ति की गई है, जो आने जाने वाले लोगों पर निगाह रख रहे हैं, तथा सघन जांच अभियान चला रहे हैं।