पापा ने की शिकायत, तो प्राचार्य ने दिया छात्र को निकालने का आदेश
संवाद सूत्र, बेगूसराय : बीआर डीएवी की गिरती शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर जब एक अभिभावक ने सवाल उठाया, तो प्राचार्य ने बच्चे को ही निकाल बाहर किया। इधर, परेशान चिकित्सक दंपति डॉ. राजेश कुमार एवं डॉ. गीता ने सोमवार को डीएम मनोज कुमार से न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी अनुसार डॉक्टर दंपति के एलकेजी में पढ़ रहे पुत्र भारतेंदु भास्कर की शिकायत पुस्तिका पर विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर शिकायत दर्ज की गई। इस पर प्राचार्य ने भारतेंदु भास्कर को विद्यालय से निकाल बाहर करने का आदेश दे डाला। इसकी सूचना चिकित्सक दंपति को दूरभाष से दी गई। इस बाबत डॉ. राजेश का कहना हुआ कि जब उन्होंने प्राचार्य से मुलाकात की, तो प्राचार्य ने बच्चे का नाम विद्यालय से कटवा लेने की बात कही। बच्चे को सोमवार को क्लास में बैठने नहीं दिया गया।
इस बाबत प्राचार्य से जब दूरभाष पर जानकारी ली गई, तो उन्होंने कहा कि चिकित्सक द्वारा शिक्षकों की योग्यता एवं शैक्षणिक व्यवस्था पर प्रश्न उठाया गया है। अगर वे विद्यालय की व्यवस्था से संतुष्ट नहीं हैं, तो बच्चे को यहां से हटा लें।