प्रधानाध्यापक पर प्राणघातक हमला, प्राथमिकी दर्ज
खोदावंदपुर (बेगूसराय) : प्राथमिक विद्यालय दास टोला मटिहानी के प्रधानाध्यापक रामलाल महतो पर बदमाशों ने जानलेवा हमला किया। बतौर रंगदारी एक लाख रुपये नहीं देने पर हमले की बात बताई गई है। जख्मी विद्यालय प्रधान का इलाज स्थानीय पीएचसी में किया गया। जख्मी प्रधान ने बताया कि शनिवार की संध्या में विद्यालय के भूमिदाता छपरू महतो का पुत्र शिवनंदन महतो नवनिर्मित विद्यालय भवन पहुंचा। उसके साथ कुछ अन्य युवक भी थे। शिव नारायण महतो ने उससे बतौर रंगदारी एक लाख रुपये की मांग की। रुपया नहीं देने पर उसने फरसा से हमला कर दिया। जिससे विद्यालय प्रधान का सिर फट गया। घटना की सूचना पीडि़त प्रधानाध्यापक द्वारा बीइओ को भी दी गयी है। हमले की घटना से दहशत का माहौल है। प्रधानाध्यापक बीआरसी में शरण लिए हुए है। थानाध्यक्ष बीरबल कुमार राय ने घटना की पुष्टि करते हुए दोषी लोगों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करने की बात कही है। बिहार नगर पंचायत प्रारंभिक शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष राजेश कुमार ने घटना की निंदा करते हुए त्वरित कार्रवाई की मांग की है। घटना उस समय घटी जब विद्यालय प्रधान नव निर्मित विद्यालय भवन में खिड़की और किवाड़ी लगवाने मजदूर के साथ पहुंचे थे।