जदयू नेता की दिनदहाड़े हत्या, नामजद प्राथमिकी
निज प्रतिनिधि, बेलहर, (बांका) : प्रखंड जदयू अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सह थाना क्षेत्र के दुहवा गांव वासी हीरा सिंह की शनिवार को हत्या कर दी गई। हत्या गांव के ही समीप धारदार हथियार से किया गया। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए बांका भेज दिया। हत्या पड़ोस के ही सोताडीह गांव के पंकज कुमार द्वारा की गई है। घटना का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। मृतक की पत्नी रेखा देवी के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है। मृतक व आरोपी का गांव आजू-बाजू में ही है। साथ ही दोनों के बीच पूर्व से मुकदमा भी चल रहा है।
जानकारी के अनुसार हीरा सिंह सुबह लगभग नौ बजे घर से किसी काम से निकला था। इसी क्रम में पूर्व से घात लगाए पंकज कुमार ने एक-दो अन्य सहयोगियों के साथ धारदार हथियार से पीछे से ही उसपर वार कर दिया। इससे वह वहीं गिर गया। उसके गिरते ही आरोपी ने कई अन्य वार उस पर कर दिया। इससे घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के करीब ढाई घंटा बाद पुलिस वहां पहुंच पाई। आरोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामले की छानबीन के साथ आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापामारी भी शुरू कर दी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर