पटरी से उतरी विधि-व्यवस्था से लेकर विकास की गाड़ी
[बिजेन्द्र कुमार राजबंधु] बांका: आन्दोलन की जमीन तैयार करनेवाले गुरु जी को भले ही कुछ नहीं मिला हो।
[बिजेन्द्र कुमार राजबंधु] बांका: आन्दोलन की जमीन तैयार करनेवाले गुरु जी को भले ही कुछ नहीं मिला हो। लेकिन उनके बनाए गए लीक पर होमगार्ड, पंचायत रोजगार सेवक एवं कृषि सलाहकारों के चलने से विकास से लेकर विधि-व्यवस्था तक बेपटरी हो गयी है। चुनावी साल होने के कारण हड़ताली कर्मियों को सरकार से कई उम्मीदें हैं लेकिन राज्य सरकार की अनदेखी से हड़ताल की रुप रेखा और विकराल होते जा रही है।
जानकारी मिली है कि लगभग 30 से 40 करोड़ की राशि से लगभग हजारों मनरेगा की योजना संचालित है। ऐसी स्थिति में पंचायत रोजगार सेवकों के हड़ताल पर जाने से मनरेगा योजना का कार्य अवरुद्ध हो गया है। इससे मजदूरों के पलायन होने की उम्मीद है। वहीं आंधी एवं ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों के बीच करोड़ों की मुआवजा राशि एवं ढैचा बीज वितरण का कार्य प्रभावित हुआ है। विधि -व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। पुलिस बलों की कमी के कारण कई कार्य होमगार्ड के जवानों के द्वारा प्रशासन की ओर से कराया जा रहा था। लेकिन एक साथ 400 जवानों के हड़ताल पर जाने से बड़ी समस्या उत्पन्न हो गयी है। स्थिति ऐसी हो गयी है कि कई अधिकारियों के बगान की क्यारियां सूखने लगी है। कारण होमगार्ड जवान ही अधिकतर अफसरों के यहां खाना से लेकर दरबानी एवं माली तक का काम करते हैं।
वैसे अधिकारियों ने बताया कि सभी का राज्यव्यापी हड़ताल है। कार्य प्रभावित नहीं हो। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गयी है।
वहीं नौ जून से सैप जवानों ने भी हड़ताल पर जाने की धमकी दे डाली है।
----------
सरकार जब तक मांगों को पूरा नहीं करती है। हड़ताल जारी रहेगी। कम वेतन में काम करना मुश्किल हो रहा है। सरकार को इस ओर ध्यान देना होगा।
नकुल प्रसाद यादव, जिलाध्यक्ष
बिहार रक्षा वाहिनी स्वयं संघ बांका
-----------
संघ की मांग जायज है। अगर इस पर सरकार ध्यान नहीं देती है तो आन्दोलन को और तेज किया जायेगा।
मो इम्तियाज आलम, जिलाध्यक्ष
किसान सलाहकार संघ
--------
हड़ताल पर जानेवाले कर्मियों की संख्या इस प्रकार है।
कर्मी - संख्या
होमगार्ड - 400
पंचायत रोजगार सेवक -134
कृषि सलाहकार - 142