पर्यावरण संरक्षण को लगा शादी का आठवां फेरा
संवाद सहयोगी, रजौन (बाका) : मोरामा मैदान पर चल रहे नौ दिवसीय श्रीश्री 108 शिवभक्ति महायज्ञ के समापन
संवाद सहयोगी, रजौन (बाका) : मोरामा मैदान पर चल रहे नौ दिवसीय श्रीश्री 108 शिवभक्ति महायज्ञ के समापन पर भोली बाबा सरकार द्वारा सामूहिक कन्यादान का आयोजन गुरूवार की देर रात्रि किया गया। जिसमें दो जोड़े की शादी संपन्न करायी गयी। जवन शर्मा की शादी हेमा कुमारी से तथा मुकेश कुमार की शादी चांदनी कुमारी के साथ संपन्न हुई। पहला जोड़ा पास के मड़नी गांव का है। जबकि दूसरा बांका का है। शादी बिना दहेज की हुई। दोनों परिवारों के लोग इस मौके पर मौजूद रहे। शादी के सात फेरे के बाद जब आठवां फेरा शुरू हुआ तो हर कोई अचरज में पड़ गया। पंडित की अचकचाए। पर पर्यावरण मित्र सह शिक्षक डा. रविरंजन की प्रेरणा से दोनों जोड़ों ने पर्यावरण सरंक्षण के लिए शादी में आठवां फेरा लिया। डा. रवि रंजन एवं उपस्थित यज्ञ समिति की मुखिया सुनीता देवी ने नव दंपत्ति को फलदार पौधा देकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प कराया। डा. रविरंजन ने 28 दिसम्बर 2012 को अपनी शादी के अवसर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया था। तब से क्षेत्र में यह अभियान बन गया है। दोनों की शादी में बैंड व शहनाई के साथ पर्यावरण संरक्षण का शोर खूब मचा। इस मौके पर मुखिया सुनीता देवी, अजय कुमार सिंह, स्वच्छता निरीक्षक राजीव सिंह, डा. राजीव, प्रो. प्रदीप कुमार सिंह, विश्वनाथ यादव, कुमोद मंडल, महेश्वरी यादव, पप्पू सिंह, अनिल कुमार, रोहित, देवेन्द्र सिंह, राजीव रंजन सिंह सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।