युवा शक्ति ने फूंका डॉक्टर का पुतला
संवाद सहयोगी, बांका: जिला युवा शक्ति ने शुक्रवार को स्थानीय शिवाजी चौक पर डॉक्टर का पुतला फूंका। मौके पर सदस्यों ने अधिक शुल्क वसूलने वाले डॉक्टरों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष अनुज कुमार सिंह ने करते हुए कहा कि डॉक्टर मोटी फीस वसूल कर जनता का खून चूस रहे हैं। गरीब जनता बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में फर्जी सर्टीफिकेट पर सैकड़ों डॉक्टर पांव पसारे हुए हैं। जिसे न तो बीमारी व न ही दवा के बारे में जानकारी होती है। इस गोरखधंधा को रोकने में शासन-प्रशासन भी विफल साबित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से जल्द से जल्द ऐसे डॉक्टरों के विरूद्ध जांच कर कार्रवाई करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर व्यापक आंदोलन चलाए जाने की बात कही। प्रदेश सचिव क्रांति यादव ने कहा कि पैसे के लालच में डॉक्टर जांच लिख देते हैं, जो गलत है। इस मौके पर जावेद अंसारी, प्रमोद यादव, अखिलेश राय, निलेश यादव, अमरजीत सिंह सहित दर्जनों सदस्य उपस्थित थे।