बांका में नक्सलियों ने बस व तीन मोबाइल टावर फूंका
जागरण संवाददाता, बांका : सेफ जोन बांका में नक्सली संगठन का आतंक अब सिर चढ़ कर बोलने लगा है। बाइक सवार तीन दर्जन हथियार बंद माओवादियों ने बंदी को लेकर जिला में जम कर तांडव मचाया। बांका थाना क्षेत्र के लिखनीकोझी गोड़ा में रिलायंस का मोबाइल टावर और मशीन आग लगा कर स्वाहा कर दिया। वहां बस विस्फोट व गोलीबारी कर दहशत भी फैलाया। यह टावर बांका-बेलहर मुख्य सड़क पर अवस्थित है। संगठन ने इससे आगे भितिया बाजार में दो मोबाइल टावर में तोड़फोड़ कर उसमें आग लगा दी। दशहत के लिए यहां भी बाजार में बेलहर मुख्य सड़क पर दो जगह बमबाजी की। इसके निशान अब भी वहां पड़े हुए हैं। भितिया चौक स्थित मंदिर में सोये हुए तीन चार युवकों के साथ मारपीट करते हुए बाजार बंद नहीं करने पर काफी भला बुरा भी कहा। वहां आधा दर्जन हवाई फायरिंग भी की सूचना है। एक गोली सामने की दुकान में जा लगी है। इन दोनों जगहों के बीच सलैया में भी रूक कर संगठन के लोगों ने आधा दर्जन गोलीबारी की। इससे आगे खेसर-गुलनीकुशाहा रोड में भलुआ गांव के समीप सड़क पर खड़ी एक बस पवन हंस को आग के हवाले कर दिया। बस जल कर पूरी तरह राख हो गया। वहां पास खड़ी दो और छोटी वाहन इससे मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हो गया है। यह बस फुल्लीडमर के जिला पार्षद राजेश कुमार सिंह उर्फ राजू सिंह की थी। बस जलाने की घटना में तीन बाइक सवार नौ हथियार बंद लोगों के शामिल होने की बात बतायी जा रही है। वहीं टावर जलाने की घटना को दर्जन भर से अधिक बाइक पर सवार करीब तीन दर्जन माओवादियों ने अंजाम दिया। सभी माओवादी बर्दी में थे। इसमें दर्जन भर महिलाओं के भी शामिल होने की बात कही जा रही है। गोड़ा में टावर जलाने की घटना करीब डेढ़ बजे रात को घटी। इसकी सूचना पर एएसपी अभियान एके सिंह जवानों के साथ इसकी घेराबंदी को लेकर भितिया जंगल के करीब पहुंच गये। सुबह तक जंगल की घेराबंदी की गयी। शुक्रवार को दिन भर इस इलाके में कांबिंग चलाया गया। पर पुलिस को अब तक कुछ खास हाथ नहीं लगा है। एएसपी ने बताया कि तीनों घटना के बाद पुलिस इलाके की नाकेबंदी किये हुए है। लगातार छापामारी की जा रही है। टावर मालिक और बस मालिक के बयान पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। बाद में एसपी डा.सत्यप्रकाश ने भी घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि संगठन का नया गिरोह लेवी वसूली के लिए क्षेत्र में दहशत फैला रहा है। पुलिस इससे सख्ती से निपटेगी।