सेंट जोसफ के छात्र को रौंदा, अस्पताल में हंगामा
जागरण संवाददाता, बांका : सेंट जोसफ स्कूल का छात्र प्रिंस कुमार मंगलवार शाम सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। गंभीर हालत में उसे देर शाम सदर अस्पताल से भागलपुर रेफर कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार श्याम बाजार निवासी प्रिंस कुमार सेंट जोसफ में पढ़ाई करता है। वह वहीं जगतपुर में चितरंजन कुमार के हॉस्टल में रहता है। शाम को वह सड़क के किनारे खेल रहा था। इसी दौरान शहर के ही विजयनगर टेंट हाउस के एक वाहन से वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने जख्मी छात्र को अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद कुछ लोगों ने वाहन के चालक को पकड़ कर अस्पताल पहुंचा दिया। फिर वहां अफरा तफरी की स्थिति बन गयी। करीब आधा घंटा तक सदर अस्पताल परिसर रणक्षेत्र बना रहा। अस्पताल में तैनात सुरक्षा जवान चालक को बचाने आये तो स्थानीय लोग जवानों पर भी टूट पड़े। हंगामा की सूचना पर इंस्पेक्टर एसएन सिंह जवानों के साथ अस्पताल पहुंचे। स्थानीय लोगों को खदेड़ कर बाहर किया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना ग्रस्त वाहन को भी जब्त कर थाना पर जमा करा लिया है।